NOI ब्यूरो, लखनऊ। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सभी 75 जिलों में 29 से 31 अगस्त तक खेल और फिटनेस से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बाल हाकी प्रतियोगिता से लेकर सामूहिक फिटनेस गतिविधियां, योग, साइकिलिंग, स्वदेशी और स्थानीय खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी।

खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने बुधवार को अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर आयोजन को व्यापक स्तर पर कराने के निर्देश दिए।

हर जिले के एथलीटों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। मेजर ध्यानचंद की जयंती पर 29 अगस्त को सभी जिलों में उद्घाटन और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम होंगे। सांसद, मंत्री, विधायक, विधान परिषद सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधियों को इसमें आमंत्रित किया जाएगा। संस्थानों में प्रार्थना सभा के बाद मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देकर फिट इंडिया की शपथ दिलाई जाएगी।

होगी जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता 

इस दिन 14 वर्ष से कम आयु के बालकों की जिला स्तरीय हाकी प्रतियोगिता होगी। दिवंगत खिलाड़ी या प्रशिक्षक की स्मृति में स्थानीय खेल प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। स्पोर्ट्स बंधन के माध्यम से खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के बीच भाईचारे, सम्मान और खेल भावना का संदेश दिया जाएगा। दिवंगत खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की उपलब्धियों तथा जीवन यात्रा पर वीडियो और फोटो आधारित कार्यक्रम होंगे। उनकी स्मृतियों को सुरक्षित रखने के लिए आनलाइन मेमोरी वाल या डिजिटल स्मृति पृष्ठ तैयार किया जाएगा।

30 अगस्त को भी सभी 75 जिलों में अंडर-14 बालकों की जिला स्तरीय हाकी प्रतियोगिता होगी। इसके साथ दो लोकप्रिय खेलों की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। लखनऊ में जिम्नास्टिक और टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होंगी। कार्यक्रमों में एक घंटा खेल के मैदान में प्रमुख आकर्षण रहेगा।
सामूहिक वार्म-अप, स्ट्रेचिंग, दौड़, वाक, जागिंग, योग और अन्य फिटनेस गतिविधियां होंगी। खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा। साइकिलिंग, स्कूल-कालेजों में बहस, फिटनेस वार्ता, स्वदेशी खेल और इंडोर गेम्स भी आयोजित होंगे। 31 अगस्त को भी विभिन्न गतिविधियां जारी रहेंगी।

Note:इस फोटो को AI  से तैयार किया गया है।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement