राज्यसभा उम्मीदवार श्रुति गंगवार का कानपुर से खास रिश्ता, जानें इंफोसिस में नौकरी से राजनीति तक का सफर
भाजपा ने संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार को राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है, जिनका कानपुर से भी गहरा रिश्ता है।
NOI संवाददाता, कानपुर। बरेली की श्रुति गंगवार को भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। उनकी पहचान झारखंड के राज्यपाल व पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की बेटी के रूप में है, मगर कम लोग ही जानते हैं कि कानपुर श्रुति की ससुराल है।
तकनीकी शिक्षा, आईटी और स्टार्टअप के क्षेत्र में काम करने के साथ बैंकिंग और सामाजिक सेवा से जुड़ी श्रुति गंगवार की पहचान एक महिला उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में रही है। उनके पति सुबोध सचान मूलरूप से कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र के टिकवापुर गांव के रहने वाले हैं।
बरेली में श्रुति का जन्म हुआ
49 वर्षीय श्रुति गंगवार का जन्म 25 दिसंबर, 1977 को बरेली में हुआ। श्रुति ने 1996 से 2000 के बीच रुड़की विश्वविद्यालय से केमिकल इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की। सुबोध ने भी श्रुति के साथ ही बीटेक किया था।
श्रुति ने इसके बाद आइआइएम बंगलुरु से महिला उद्यमियों के लिए प्रबंधन कार्यक्रम भी किया। उन्होंंने करियर की शुरुआत आईटी कंपनी इंफोसिस से की। वर्ष 2012 में उन्होंने बंगलुरु से कूलजी एडू साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की शुरुआत की।
वर्ष 2016 में नोएडा से एएलटी सोर्स प्राइवेट लिमिटेड में कदम रखा। इसके अलावा वह इनस्टार्ट एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की संस्थापक और निदेशक भी हैं।
श्रुति की ससुराल कानपुर में
श्रुति पिछले दो वर्षों से अर्बन कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, बरेली की अध्यक्ष हैं। श्रुति के पति सुबोध सचान घाटमपुर क्षेत्र के टिकवापुर गांव के रहने वाले हैं। सुबोध सचान लाजिस्टिक पार्क से जुड़ी एक सेमी-गवर्नमेंट संस्था में पूर्व निदेशक रह चुके हैं। इनके पिता सत्यनारायण सचान कारोबारी हैं। दंपती की एक बेटी अरुषी सचान और बेटा आर्यव सचान हैं। वर्तमान में सुबोध जनसेवा में लगे हुए हैं और श्रुति का सामाजिक कार्यों में हाथ बंटा रहे हैं।
17 साल से सामाजिक सेवा से जुड़ीं
श्रुति गंगवार पिछले करीब 17 वर्षों से भारत सेवा ट्रस्ट के माध्यम से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। हर वर्ष तीन शिविरों के माध्यम से हजारों जरूरतमंद लोगों की आंखों की जांच और मोतियाबिंद का निशुल्क उपचार करा रही हैं। सामाजिक कार्यों के साथ वह वर्ष 2019 से सक्रिय रूप से भाजपा से भी जुड़ी हैं।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments