बाबा साहब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (BBAU) और राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान (NISD) ने सामाजिक समस्याओं के समाधान हेतु समझौता किया है।

NOI  संवाददाता, लखनऊ। समाज की जमीनी समस्याओं का अध्ययन कर उनके समाधान के व्यावहारिक रास्ते तलाशने में अब बाबा साहब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) भी अहम भूमिका निभाएगा। विश्वविद्यालय सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर शोध, प्रशिक्षण और जनजागरूकता अभियान चलाएगा।

इसके लिए विश्वविद्यालय ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान (एनआइएसडी) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है। विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. यूवी किरण ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।

इस साझेदारी का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष सामाजिक रूप से कमजोर और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों पर काम करना है। इसके तहत नशा मुक्त भारत अभियान को गति देने के साथ मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम, वरिष्ठ नागरिकों का कल्याण, ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकार एवं कल्याण और भिक्षावृत्ति की रोकथाम जैसे विषयों पर शोध होगा। शोध के निष्कर्षों के आधार पर जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण और नीतिगत सुझाव तैयार किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय और संस्थान मिलकर पाठ्यक्रम विकास, क्षमता निर्माण और सामुदायिक स्तर पर जनसंपर्क गतिविधियां भी संचालित करेंगे। इससे विश्वविद्यालय के विद्यार्थी और शोधार्थी सामाजिक समस्याओं को नजदीक से समझ सकेंगे और उनके समाधान में अपनी भूमिका निभा सकेंगे। इस राष्ट्रीय पहल के लिए देश के 23 विश्वविद्यालयों एवं प्रतिष्ठित संस्थानों का चयन किया गया है।

सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर विश्वविद्यालयों का शोध केवल अकादमिक गतिविधि तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। नशे की समस्या, वरिष्ठ नागरिकों की चुनौतियां और वंचित समुदायों के अधिकार जैसे मुद्दों पर शोध के साथ जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता जरूरी है। ऐसे प्रयासों से समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशने और सामाजिक समावेश को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement