रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, दिल्ली से जल्द 160 किमी/घंटे की रफ्तार से फर्राटा भरेगी ट्रेन
नई दिल्ली, NOI : रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब ट्रेन से सफर सुपरफास्ट से भी तेज होगा। रेलवे कुछ रूटों पर ट्रेन की स्पीड 160 किमी प्रतिघंटा तक बढ़ाने की सोच रहा है। उत्तर रेलवे की समीक्षा बैठक में नई दिल्ली-हावड़ा और नई दिल्ली-मुम्बई रेलमार्ग पर रेलगाड़ियों की गतिसीमा 160 किलोमीटर प्रतिघंटा करने पर विचार किया गया।
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने उत्तर रेलवे के विभागाध्यक्षों और मंडल रेल प्रबंधकों के साथ वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग में उत्तर रेलवे के काम की समीक्षा की। बैठक में अन्य विकासात्मक कार्यों और माल लदान जैसे विषयों पर भी बातचीत की गई। उत्तर रेलवे ने टाइम के बेहतर रिकॉर्ड को बनाए रखा है और रेलगाड़ियों के समय से चलने पर विशेष बल दिया है। महाप्रबंधक ने यह भी बताया कि उत्तर रेलवे ने 10 से 16 फरवरी तक 998 क्रैक मालभाड़ा रेल गाड़ियां चलाई हैं, जिससे मालभाड़ा लदान बेहतर हुआ है।
उन्होंने कहा कि संरक्षा के अलावा गतिशीलता बढ़ाने जैसे काम उत्तर रेलवे की प्राथमिकता हैं। उन्होंने रेल रूटों, वैल्डों के अनुरक्षण मानकों और रेलपथों के निकट पड़े स्क्रैप को हटाने के लिए जोन द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मण्डलों को गतिशीलता बढ़ाने संबंधी कार्यों में तेजी लाने और कार्यों की प्रगति की जांच करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने रेल परिचालन के दौरान आने वाली दिक्कत दूर करने के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए।
गंगल ने कहा कि जब भी जरूरी हो संबंधित कर्मचारियों को परामर्श और प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेल पटरियों की दरारों और रेल वैल्डों की गहन निगरानी की जानी चाहिए और कोई त्रुटि नहीं छूटनी चाहिए। उन्होंने रेल परिचालन में मानवीय भूलों को न्यूनतम करने पर बल दिया। उन्होंने विभागाध्यक्षों और मंडल रेल प्रबंधकों को रेलगाड़ियों के टाइम में और सुधार करने और संरक्षा को प्राथमिकता देते हुए माल लदान की गति को बनाए रखने के आदेश दिए। महाप्रबंधक ने नई दिल्ली-हावड़ा और नई दिल्ली-मुम्बई रेलमार्ग पर रेलगाड़ियों की गतिसीमा 130 किलोमीटर प्रतिघंटा से बढ़ाकर 160 किलोमीटर प्रतिघंटा करने के काम की प्रगति का भी जायजा लिया।
इसके साथ ही फ्रेट बिजनेस डेवलपमेंट पर बात करते हुए महाप्रबंधक ने बिजनेस डेवलपमेंट यूनिटों को रेल उपयोगकर्ताओं के बीच विश्वास और सहयोग का वातावरण बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे द्वारा दी जाने वाली रियायतें उसके सभी ग्राहकों तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने बताया कि अनाज और अन्य मदों के लदान में हरेक माह के साथ बढ़ोतरी बनी हुई है।
Leave a Comment
Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.
Login to Your Account
OTP verification is required for login and registration.
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.







0 Comments
No comments yet. Be the first to share your thoughts!