NOI संवाददाता, कानपुर। राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) की दोबारा परीक्षा रविवार को शहर के 41 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। पेपर लीक विवाद के बाद दोबारा कराई गई। सुबह से ही विभिन्न केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली।

नीट दोबारा परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत रखा गया था। कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा कराई गई। इस बार परीक्षा केंद्रों के चयन में भी बदलाव देखने को मिला। अधिकांश सीबीएसई स्कूलों की जगह सरकारी स्कूलों और तकनीकी संस्थानों को केंद्र बनाया गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब छात्र-छात्राएं केंद्रों से बाहर निकले तो उनके चेहरे पर राहत दिखाई दी, लेकिन साथ ही पिछले कुछ दिनों का तनाव भी साफ झलक रहा था।

परीक्षा एक पाली में दोपहर दो बजे से 5.15 बजे तक आयोजित किया गया। परीक्षा में कुल 20505 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। जिसमें से 19042 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 1463 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।


परीक्षा देकर बाहर निकले अधिकांश परीक्षार्थियों ने फिजिक्स के पेपर को सबसे कठिन बताया। परीक्षार्थियों के मुताबिक इस बार फिजिक्स में सीधे फार्मूला आधारित प्रश्न कम और कान्सेप्ट तथा एप्लीकेशन आधारित सवाल अधिक पूछे गए। कई प्रश्नों में लंबी गणना करनी पड़ी, जिससे समय प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती बना रहा।

परीक्षार्थियों ने बताया कि फिजिक्स में सिंपल हार्मोनिक मोशन, एलसीआर सर्किट, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक वेव, एंगुलर मोमेंटम, फ्लूड मैकेनिक्स, इलेक्ट्रोस्टैटिक्स और माडर्न फिजिक्स से प्रश्न पूछे गए। एक सवाल प्रोटान और इलेक्ट्रान के संवेग अनुपात पर आधारित था, जबकि जल प्रवाह, दाब अंतर और पाइप के क्षेत्रफल से संबंधित फ्लूड डायनेमिक्स का प्रश्न भी छात्रों को उलझाता दिखा।

एलसीआर सर्किट में करंट एम्प्लीट्यूड निकालने वाले सवाल में कई छात्र अटक गए। वहीं केमिस्ट्री में आर्गेनिक और फिजिकल केमिस्ट्री का संतुलन देखने को मिला। बेंजोइल क्लोराइड से जुड़े रासायनिक अभिक्रिया वाले प्रश्न, विटामिन और उनके स्रोत, गैसीय अवस्था, डाइलेक्ट्रिक माध्यम में विद्युत चुंबकीय तरंग और कार्बनिक यौगिकों पर आधारित प्रश्न पूछे गए।

छात्रों ने बताया कि केमिस्ट्री का स्तर मध्यम रहा और एनसीइआरटी से अच्छी पकड़ रखने वाले छात्रों को इसमें राहत मिली। वहीं परीक्षार्थियों ने बताया कि बायोलाजी को अपेक्षाकृत आसान बताया गया। अधिकांश प्रश्न सीधे एनसीईआरटी आधारित थे। जूलाजी और बाटनी में तथ्यात्मक प्रश्न अधिक रहे। परीक्षार्थियों का कहना था कि जिसने नियमित रूप से एनसीईआरटी पढ़ी होगी, उसे बायोलॉजी में ज्यादा परेशानी नहीं हुई होगी।


परीक्षा देकर निकल परीक्षार्थियों ने बताया कि इस बार पेपर का पैटर्न ऐसा था, जिसमें केवल रटने से काम नहीं चल सकता था। कान्सेप्ट की गहरी समझ और समय प्रबंधन दोनों जरूरी थे। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावक घंटों इंतजार करते नजर आए। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र बाहर निकलते ही अपने उत्तरों का मिलान करने और प्रश्नों पर चर्चा करने में जुट गए।

त्रिस्तरीय जांच के बाद परीक्षार्थियों को मिला केंद्रों में प्रवेश

नीट परीक्षा शहर में 41 केंद्रों पर आयोजित की गई, परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह 10 बजे से ही परीक्षार्थियों का केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह 11 बजे से परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश देना शुरू कर दिया गया। प्रवेश शुरू होने से पहले कई परीक्षार्थी केंद्रों के बाहर रिवीजन करते नजर आए। केंद्रों पर त्रिस्तरीय जांच के बीच परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है।

पुलिस बल, एलआइयू और प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। सभी केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन और दस्तावेजों की जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर भेजा जा रहा है। परीक्षार्थियों के कलावे तक कटवाए गए, जबकि मेटल डिटेक्टर से पूरे शरीर की जांच की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई परीक्षार्थी इलेक्ट्रानिक उपकरण लेकर न पहुंचा हो।

छात्रों को अपने साथ प्रवेश पत्र, दो फोटो, फोटो पहचान पत्र और पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति दी गई है। वहीं छात्राओं की ज्वैलरी भी केंद्रों पर उतरवाई गई। केंद्रों पर दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले तक ही परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा।

क्या बोले परीक्षार्थी

पेपर आसान से मध्यम स्तर का था। बायोलाजी आसान थी, केमिस्ट्री मध्यम रही और फिजिक्स पिछली बार की तुलना में ज्यादा कठिन थी।
- रोहित कुमार, परीक्षार्थी


बायोलाजी ठीक थी, लेकिन फिजिक्स और केमिस्ट्री कठिन थीं। पहली नीट परीक्षा आसान थी, यह ज्यादा कठिन लगी। पिछली बार का पेपर इससे बेहतर था।
- जान्हवी, परीक्षार्थी


पेपर पिछली बार की तुलना में थोड़ा कठिन था। फिजिक्स काफी लंबी थी। यह पिछली बार से थोड़ा कठिन था। बायोलाजी अच्छी रही और केमिस्ट्री मध्यम स्तर की थी।
मनीष कुमार, परीक्षार्थी

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement