Kanpur House Collapses: जिस आंगन में गूंजती थी तीन बेटियों की हंसी, आज वहीं मचा कोहराम...एक साथ उठीं चार अर्थियां
NOI सहयोगी, घाटमपुर(कानपुर)। हिरनी गांव के जिस आंगन में कभी तीन बेटियों की हंसी गूंजती थीं, सोमवार को वहीं चीख पुकार का शोर था। मकान गिरने से जान गंवाने वाले पिता और उनकी तीन बेटियों के शव जब एक साथ घर पहुंचे तो हर तरफ चीख-पुकार मच गई। अपनों के चार शव सामने देख परिजनों का कलेजा फट पड़ा। पिता और मासूम बेटियों को अंतिम विदाई देने पहुंचे हर शख्स की आंखें नम थीं।
साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में घर गिरने से पिता और उनकी तीन बेटियों की मौत के मामले में रविवार रात ही सभी का पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद सोमवार सुबह एक साथ सभी के शव गांव पहुंचे तो चीत्कार मच गई। हर कोई नम आंखों से शवों को देख रहा था। प्रशासन की ओर से आर्थिक मदद मुहैया कराई गई। इसके बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए मूसानगर में यमुना नदी के किनारे स्थित हलिया घाट ले जाया गया।
हिरनी में कच्चा घर गिरने से मुकेश और उनकी बेटियों माया, नीतू और पल्लवी की दबकर मौत हो गई थी। सोमवार सुबह जब पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचे तो तहसीलदार ओमप्रकाश पासवान, नायब तहसीलदार शिवम मिश्रा मौके पर उपस्थित रहे। इसके साथ ही पुलिस बल भी मौजूद था। एक साथ तीनों के अर्थी बनाई गईं। छोटी-छोटी बच्चियों के शव देखकर हर कोई गम में डूबा था। सभी के शवों को मूसानगर हलिया घाट अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया है।
पतारा सीएचसी अधीक्षक का तबादला, डा. जेपी बने नए अधीक्षक
स्वजन व ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि पतारा सीएचसी में डाक्टर समय से नहीं पहुंचे थे। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार न मिलने से सभी की जान चली गई। जिलाधिकारी, सीएमओ न एसीएमओ के समक्ष उन्होंने वार्ड ब्वाय शिवनाथ के बहुत सालों से तैनात रहने की शिकायत की थी। मामले में वार्ड ब्वाय को निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही पतारा सीएचसी अधीक्षक डा. अभिषेक कटियार का तबादला बिल्हौर सीएचसी कर दिया है। वहीं, इमरजेंसी में तैनात डा. शशांक मिश्रा को घाटमपुर भेजा गया है। फार्मसिस्ट मनीष कुमार का तबादला शिवराजपुर किया गया है। वहीं, घाटमपुर में तैनात डा. जय प्रकाश को पतारा सीएचसी का नया अधीक्षक बनाया गया है।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments