UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ने से बुधवार से 50 से अधिक जिलों में बारिश थम जाएगी, जिससे उमस बढ़ेगी और तापमान में वृद्धि होगी। हालांकि, मंगलवार को श्रावस्ती, बहराइच समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

NOI, लखनऊ। UP Weather Today: प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में पिछले चार-पांच दिनों से मानसून कमजोर पड़ गया है। रविवार को बादलों की आवाजाही के बीच धूप भी निकली, लेकिन सोमवार को सुबह से बादल छाए रहे और करीब 10 बजे कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बरसात हुई।

हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार से लखनऊ समेत पूरब व पश्चिमी क्षेत्रों के करीब 50 से अधिक जिलों में बारिश का दौर थम जाएगा। इन जिलों में मौसम शुष्क होने से उमस परेशान कर सकती है।

आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मंगलवार को श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, पीलीभीत एवं आसपास के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, बाराबंकी, बरेली, शाहजहांपुर और आसपास के जिलों में भी मध्यम से भारी बरसात के पूर्वानुमान हैं। हालांकि, बुधवार से वर्षा का दौर छह जिलों में सिमट जाएगी।

लखनऊ में मौसम शुष्क रहेगा 

लखनऊ में मौसम शुष्क रहेगा और अधिकतम तापमान में तीन-चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की जा सकती है। बारिश के चलते लखनऊ में दिन का पारा 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश में कमी के बावजूद ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा।

बरेली में रिकॉर्ड वर्षा

मौसम विभाग के अनुसार, बरेली में सोमवार को पिछले 24 घंटे में रिकार्ड 381.1 मिमी बारिश हुई, जो सीजन के सबसे अधिक है। इसके अलावा शाहजहांपुर में 227 मिमी, बहराइच में 175 मिमी, लखीमपुर में 156, एटा में 135 मिमी, कन्नौज में 110 मिमी, सिद्धार्थनगर में 102 और मुरादाबाद में 90.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। शाहजहांपुर में भी सीजन की सर्वाधिक बारिश हुई।

एक से सात सितंबर तक सामान्य से अधिक वर्षा

मौसम विभाग के मुताबिक, एक से सात सितंबर तक पूर्वी यूपी में सामान्य से छह प्रतिशत कम और पश्चिमी उप्र में सामान्य से 10 प्रतिशत अधिक बरसात हुई। प्रदेश की बात करें तो इस दौरान एक प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement