कानपुर में कारोबारी की बेरहमी से हत्या, बीच सड़क शुरू हुआ विवाद, फिर ईंट से सिर कुचलकर मार डाला
कानपुर में ओम चौराहे के पास एक कारोबारी अमित कुमार की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। शराबियों द्वारा सार्वजनिक रूप से पेशाब करने से रोकने पर हुए विवाद में यह घटना हुई, दो दिन बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
NOI संवाददाता, कानपुर। काकादेव में बीच सड़क पेशाब करने से मना करना एक कारोबारी को भारी पड़ गया। शराब के नशे में धुत दबंगों ने विरोध करने पर उसे घेरकर बेरहमी से पीटा और ईंट से सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल कारोबारी ने सोमवार देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में चार युवक मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
नवीन नगर निवासी रुद्र प्रताप सिंह के अनुसार उनके 47 वर्षीय पिता अमित कुमार कारोबारी थे और काकादेव में प्रेम ऐड नाम से दुकान चलाते थे। शनिवार रात करीब 11 बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। ओम चौराहे के पास कुछ युवक शराब के नशे में खड़े थे।
आरोप है कि इनमें से एक युवक बीच सड़क पर पेशाब करने लगा। अमित ने उसे ऐसा करने से मना किया तो युवक और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर चारों युवकों ने अमित को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की।
इसी दौरान आरोपितों ने ईंट उठाकर अमित के सिर पर कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। इलाकाई लोगों ने यूपी-112 पर सूचना देने के साथ ही स्वजन को जानकारी दी।
स्वजन अमित को निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें अनुराग अस्पताल रेफर किया गया। दो दिन तक उपचार के बाद सोमवार देर रात इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे स्वजन ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपित स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, इसके बावजूद तीन दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई। स्वजन ने आरोपितों के एनकाउंटर की मांग भी की।
काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र राम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments