MLC चुनाव: लखनऊ में उमेश द्विवेदी ने लगाई जीत की हैट्रिक, पहले राउंड में ही तय हो गई थी जीत की दिशा
लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई।
NOI संवाददाता, लखनऊ। मतगणना की पहली तस्वीर ने ही शिक्षक एमएलसी चुनाव की दिशा काफी हद तक साफ कर दी थी। भाजपा प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने पहले राउंड में सपा के सुशील कुमार पर 3652 मतों की बढ़त बनाकर अपनी मजबूत स्थिति का संकेत दे दिया। दूसरे और अंतिम राउंड की गिनती पूरी हुई तो यह बढ़त जीत में परिवर्तित हो गई। इसके साथ ही उमेश द्विवेदी ने लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट-ट्रिक लगा दी।
रमाबाई रैली स्थल पर मंगलवार को मतगणना शुरू हुई। पहले राउंड में उमेश द्विवेदी को 7189 मत मिले, जबकि सपा प्रत्याशी सुशील कुमार 3537 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। दोनों के बीच 3652 मतों का अंतर रहा। पहले राउंड में ही उमेश द्विवेदी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को काफी पीछे छोड़ दिया था।
दूसरे और अंतिम राउंड की मतगणना पूरी होने के साथ ही उनकी जीत सुनिश्चित हो गई। लगातार तीसरी जीत के साथ उमेश द्विवेदी ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ बरकरार रखी।
मतगणना पर सवाल, समर्थकों ने किया हंगामा
मतगणना के दौरान परिणाम आने से पहले रात करीब 10 बजे सपा प्रत्याशी के समर्थकों ने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। समर्थकों ने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाए। निर्वाचन अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न होने का दावा किया।
लखनऊ खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू होनी थी, लेकिन मतपत्रों के बंडल बनाने में देरी के चलते शिक्षक सीट की गणना शाम छह बजे शुरू हो सकी। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 13 प्रत्याशियों के मतों की गिनती दो चक्रों में पूरी हुई।
शिक्षक सीट का परिणाम घोषित होने के बाद अब लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के नतीजे का इंतजार है। स्नातक सीट पर सपा प्रत्याशी कांति सिंह ने मतपत्रों के बंडलों में अधिक मतपत्र मिलने का आरोप लगाया। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अभय किशोर ने कहा कि मतगणना में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है।
Leave a Comment
Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.
Login to Your Account
OTP verification is required for login and registration.
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.






0 Comments
No comments yet. Be the first to share your thoughts!