बिल्हौर की डा. निशा कटियार को चिकित्सा शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दो स्वर्ण पदक से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें आब्स एवं गायनी में उनकी असाधारण उपलब्धि के लिए विज्ञान भवन में प्रदान किया गया, जिससे उन्होंने अपने परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।

NOI  सहयोगी, बिल्हौर(कानपुर)। प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती। इसे साबित कर दिखाया है बिल्हौर क्षेत्र के बरंडा गांव की बेटी डा. निशा कटियार ने। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में 20 नवंबर को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें आब्स एवं गायनी (प्रसूति एवं स्त्री रोग) में दो गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस उपलब्धि से गांव से लेकर पूरे बिल्हौर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

डा. निशा ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के बल पर चिकित्सा के क्षेत्र में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने एसएन मेडिकल कालेज आगरा से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद आरएमएल दिल्ली से आब्स एवं गायनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक हासिल किए। विज्ञान भवन में राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त करना उनकी वर्षों की मेहनत का सुखद परिणाम रहा। समारोह में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भी मौजूद रहे।

डा. निशा की यह पहली बड़ी उपलब्धि नहीं है। इससे पहले भी उन्हें दिल्ली सरकार की ओर से डा. ब्रिलियंट अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। उनके पिता गिरीश चंद्र कटियार गोरखपुर स्थित डिवीजनल ट्रेनिंग सेंटर, होमगार्ड्स में डिवीजनल कमांडेंट हैं। छोटे भाई आकाश कटियार भी एमबीबीएस डाक्टर हैं, जबकि मां सीता कटियार अरौल स्थित एसआर मेमोरियल स्कूल की प्रबंधक हैं।

राष्ट्रपति के हाथों दो स्वर्ण पदक प्राप्त करने की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और शुभचिंतकों ने खुशी जताई। डा. निशा की सफलता ने साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों के लिए शिक्षा और सफलता की नई मिसाल बन गई है।

0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement