संजय गांधी पीजीआइ लखनऊ में अब बिना चीरा और बायोप्सी के ब्रेन कैंसर (ग्लियोब्लास्टोमा) का पता लगाना संभव होगा, जिसके लिए ICMR ने 5.40 करोड़ रुपये दिए हैं।    

NOI  संवाददाता, लखनऊ। ब्रेन कैंसर के सबसे खतरनाक रूप ग्लियोब्लास्टोमा का पता अब बिना चीरा और बायोप्सी के भी संभव होगा। इसके लिए संजय गांधी पीजीआइ में बड़ा शोध शुरू हो रहा है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने इसके लिए 5.40 करोड़ रुपये दिए हैं।

इस जांच से ट्यूमर कहां है, कितना फैला है और इलाज का उस पर क्या असर हो रहा है, यह स्कैन से ही पता चल जाएगा। इस प्रोजेक्ट की कमान न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग के प्रो. मनीष दीक्षित और विभाग के प्रमुख प्रो. पीके प्रधान संभालेंगे। टीम में मालीक्यूलर मेडिसिन एवं बायोटेक्नोलाजी विभाग के डा. लोकेंद्र शर्मा और न्यूरोसर्जरी विभाग के डा. वेद प्रकाश मौर्य भी रहेंगे।

प्रो. मनीष दीक्षित के मुताबिक, इस शोध में एक खास एंटीबॉडी ट्रेसर बनाया जाएगा। यह एक तरह की स्मार्ट दवा होगी, जो शरीर में पहुंचने के बाद सीधे ट्यूमर को पकड़ेगी। उसके बाद पेट स्कैन में ट्यूमर साफ दिख जाएगा। अभी पुष्टि के लिए बायोप्सी करनी पड़ती है, जिसमें दिमाग से मांस का टुकड़ा निकालना पड़ता है। यह प्रक्रिया जोखिम भरी होती है। नई तकनीक से इस खतरे को कम करने में मदद मिलेगी।

ग्लियोब्लास्टोमा बहुत तेजी से बढ़ता है और आपरेशन के बाद भी कई बार अपनी चपेट में लेता है। नई जांच से पहले ही पता चल जाएगा कि इम्यूनोथेरेपी मरीज को फायदा देगी या नहीं? अगर दवा असर नहीं कर रही होगी तो डाक्टर समय रहते इलाज बदल सकेंगे।

इससे मरीज का समय और पैसा दोनों बचेंगे। पीजीआइ में पहले से साइक्लोट्रान, रेडियोआइसोटोप बनाने की सुविधा और रेडियोकेमिस्ट्री की प्रयोगशालाएं हैं। प्रोजेक्ट के तहत छोटे जानवरों के लिए पेट-सीटी की खास सुविधा भी बनेगी। पहले जानवरों पर परीक्षण होगा, फिर इंसानों पर जांच की ओर बढ़ा जाएगा।

क्या है नई तकनीक?

नई तकनीक में एंटीबॉडी ट्रेसर ट्यूमर को पकड़कर पेट स्कैन में उसकी साफ तस्वीर दिखाएगा। इससे बिना बायोप्सी के ट्यूमर की जगह, फैलाव और इलाज के असर का पता चलेगा। मरीज को बार-बार बायोप्सी का जोखिम नहीं उठाना पड़ेगा। समय रहते पता चल जाएगा कि इम्यूनोथेरेपी असर कर रही है या नहीं। इलाज समय पर बदला जा सकेगा, जिससे समय और पैसा दोनों बचेंगे।

निश्चित तौर पर यह संस्थान के साथ प्रदेशभर के ब्रेन कैंसर मरीजों के लिए राहतभरी खबर है। कई बार मरीजों की बायोप्सी कठिन होती है। ऐसे में यह तकनीक काफी मददगार साबित होगी।

-प्रो. आरके धीमान, निदेशक, एसजीपीजीआइ

0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement