भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कानपुर में इंडी गठबंधन पर निशाना साधा, कहा कि सपा-कांग्रेस में एक-दूसरे पर कब्जा करने की होड़ है और उनमें गंभीरता का अभाव है। उन्होंने परिसीमन प्रक्रिया, यूपी के विकास और कानून व्यवस्था में सुधार पर भी बात की, विपक्ष की जातिगत राजनीति को खारिज करते हुए भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा किया।

NOI  संवाददाता, कानपुर। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा के लिए चुनाव सब कुछ नहीं हैं, बल्कि राष्ट्र सब कुछ है। पार्टी के लिए तन, मन, धन और परिवार भी राष्ट्र को समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि भारत की संसद 21वीं सदी की आवश्यकताओं के अनुरूप नया स्वरूप ग्रहण कर रही है। देश में आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक स्तर पर परिवर्तन हो रहे हैं। ऐसे में संसद का स्वरूप भी बदलते भारत की आकांक्षाओं के अनुरूप होना चाहिए। इसी उद्देश्य से परिसीमन की प्रक्रिया लाई जा रही है।

आध्यात्मिक हिंदू सेवा मेले के आचार्य वंदनम् कार्यक्रम में प्रतिभाग करने आए डॉ. त्रिवेदी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि लोकसभा परिसीमन में किसी भी राज्य के प्रतिनिधित्व के अनुपात में कोई बदलाव नहीं होगा। उदाहरण देते हुए कहा कि यदि उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि होती है तो तमिलनाडु की सीटों में भी उसी अनुपात में वृद्धि होगी। इससे किसी राज्य के प्रतिनिधित्व का अनुपात प्रभावित नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। इसके बावजूद विपक्ष जातीय समीकरणों की राजनीति में उलझा हुआ है। सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावनाओं पर डॉ. त्रिवेदी ने तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों के नेता जिस तरह एक-दूसरे से गले मिलते दिखाई देते हैं, उससे गठबंधन की गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने कहा कि दोनों नेता दस मिनट भी साथ बैठकर परिचय नहीं कर पाए होंगे, सीटों के बंटवारे की बात तो दूर है। दोनों के बीच गले मिलने के दौरान भी एक-दूसरे पर अधिक कब्जा करने की होड़ दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा को ऐसे गठबंधन से कोई चुनौती नजर नहीं आती।

सपा मुखिया अखिलेश यादव के माफिया और कानून व्यवस्था को लेकर दिए गए बयान पर उन्होंने कहा कि यह योगी सरकार के कामकाज की स्वीकारोक्ति है। कभी उत्तर प्रदेश में माफिया के आतंक और अपराध की खबरें आम हुआ करती थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में माफिया को मिट्टी में मिलाने की बात कही थी तो विपक्ष की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई थी। अब यदि अखिलेश यादव को भी माफिया के हौसले पस्त होने की बात स्वीकार करनी पड़ रही है तो यह प्रदेश में बदली कानून व्यवस्था का प्रमाण है।

कहा कि युवाओं को रोजगार और आर्थिक विकास के लिए भाजपा सरकार ने जो काम किए हैं, उनकी तुलना सपा सरकार के कार्यकाल से की जानी चाहिए। आज उत्तर प्रदेश में लखनऊ के डिफेंस कारिडोर में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है और उसके निर्यात की भी तैयारी है। यह बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर है। ऐसे में जातीय समीकरणों के सहारे विकास की वास्तविकता को नकारा नहीं जा सकता।

पीडीए के नाम पर अपराधियों को संरक्षण का आरोप

सपा के पीडीए के नारे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस शब्द का वास्तविक अर्थ जनता के सामने स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने कटाक्ष किया कि पीडीए का अर्थ कहीं 'पीट देगा अपराधी' तो नहीं है। उनका आरोप था कि विपक्ष जातीय समीकरणों की आड़ में अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहा है, जबकि जनता विकास और कानून व्यवस्था के आधार पर सरकार का मूल्यांकन कर रही है। पीडीए अब आलू हो चुका है, जो परवल में मिला दो या किसी भी सब्जी में वह वैसा ही हो जाता है।

सपा-कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान पर भी साधा निशाना

प्रदेश में मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा में किसी तरह के विवाद की बात को खारिज करते हुए डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि पार्टी में नेतृत्व को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट है। उन्होंने विपक्षी दलों की ओर इशारा करते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच ही नहीं, बल्कि दोनों दलों के भीतर भी बयानबाजी और खींचतान चल रही है।

उन्होंने कांग्रेस नेता इमरान मसूद और आजम खां के बयानों तथा कांग्रेस में प्रदेश नेतृत्व को लेकर चल रही खींचतान का उल्लेख किया। कहा कि अखिलेश यादव ने अपनी यात्रा रायबरेली से शुरू की, प्रत्याशियों की सूची जारी की और अपना घोषणा पत्र भी सामने रख दिया। इससे कांग्रेस को अपनी राजनीतिक हैसियत का संदेश दे दिया गया है।

डॉ. त्रिवेदी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान सपा और कांग्रेस के बीच हुई बयानबाजी की याद दिलाते हुए कहा कि कमलनाथ ने सपा को लेकर जिस तरह की टिप्पणी की थी, वह किसी से छिपी नहीं है। वहीं अखिलेश यादव ने भी कांग्रेस को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि गठबंधन के बावजूद दोनों दलों के बीच जिस तरह की राजनीतिक खींचतान दिखाई दे रही है, जनता उसे देख और समझ रही है। प्रदेश में फिर से पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनेंगी।

0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement