कानपुर में शिक्षाविद् मुकुल कानिटकर ने कहा, गूगल जानकारी दे सकता है, ज्ञान केवल गुरु से मिलता है
कानपुर में शिक्षाविद् मुकुल कानिटकर ने कहा कि गूगल से केवल जानकारी मिलती है, जबकि सच्चा ज्ञान केवल गुरु ही प्रदान कर सकता है। उन्होंने ज्ञान प्राप्ति के लिए गुरु के प्रति श्रद्धा और सम्मान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
NOI संवाददाता, कानपुर। हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के अंतर्गत शनिवार को आयोजित आचार्य वंदनम् कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रचार टोली के सदस्य एवं शिक्षाविद् मुकुल कानिटकर ने गुरु और आचार्य की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गूगल और इंटरनेट से दुनिया की हर तरह की जानकारी मिल सकती है, लेकिन ज्ञान केवल गुरु दे सकता है।
आचार्य का सम्मान करना भारतीय संस्कृति की परंपरा ही नहीं, बल्कि ज्ञान प्राप्ति की पहली शर्त भी है। जिस शिष्य के भीतर आचार्य के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव होता है, उसके भीतर ज्ञान ग्रहण करने की पात्रता भी विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि भारतीय चिंतन में मनुष्य जीवन को अत्यंत दुर्लभ माना गया है। मनुष्य के रूप में जन्म मिलना, भारत भूमि में जन्म लेना और शिक्षक के रूप में कार्य करने का अवसर मिलना तीनों ही सौभाग्य की बात हैं। शिक्षक और आचार्य का दायित्व केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि व्यक्ति के भीतर विवेक, संस्कार और जीवन मूल्यों का विकास करना है। मुकुल कानिटकर ने ज्ञान और जानकारी के अंतर को समझाने के लिए वर्षा के जल का उदाहरण दिया।
उन्होंने कहा कि वर्षा का जल चारों तरफ बरसता है, लेकिन उसका कितना पानी किसी पात्र में एकत्र होगा, यह उस पात्र के मुंह के खुलने और उसकी गहराई पर निर्भर करता है। इसी तरह ज्ञान प्राप्ति भी व्यक्ति की ग्रहणशीलता पर निर्भर करती है। आचार्य का वंदन और सम्मान करने से शिष्य की ज्ञान प्राप्त करने की पात्रता बढ़ती है। उसका मन खुलता है और समझने की क्षमता विकसित होती है।
कहा कि यदि शिष्य अपने आचार्य का सम्मान नहीं करेगा तो वह वास्तविक ज्ञान प्राप्त नहीं कर सकता। आज इंटरनेट के माध्यम से सूचनाओं की उपलब्धता बढ़ी है, लेकिन सूचना को विवेक और जीवन के अनुभव से जोड़कर ज्ञान में बदलने का काम गुरु ही करता है।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर भी विचार रखते हुए कहा कि आज शिक्षा के क्षेत्र में निजी विश्वविद्यालयों और कालेजों की संख्या बढ़ रही है। शिक्षा को केवल व्यवसाय बनाने के बजाय उसमें विद्या, संस्कार और गुरु के प्रति सम्मान का भाव बनाए रखना आवश्यक है। जब समाज सामूहिक रूप से अपने आचार्यों का सम्मान करेगा, तभी शिक्षण संस्थानों में विद्या का वास्तविक वातावरण तैयार होगा।
कानिटकर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक यात्रा के दौरान उन्होंने देखा कि उनके साथ बैठे आचार्य के चरणों में कानपुर के बड़े सर्जन, चार्टर्ड अकाउंटेंट और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी श्रद्धा से नमन कर रहे थे। यह दृश्य बताता है कि एक आचार्य का व्यक्तित्व कितने अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों को संस्कारित और प्रेरित कर सकता है।
उन्होंने कहा कि एक आचार्य अपने ज्ञान और संस्कारों से न जाने कितने महामानवों का निर्माण करता है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में आचार्य के प्रति श्रद्धा का भाव विकसित करे। माता-पिता से मिलने वाले संस्कारों के साथ गुरु का मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन को दिशा देता है। आचार्य वंदनम् का उद्देश्य भी इसी भाव को समाज में जागृत करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भारतीय ज्ञान परंपरा, गुरु-शिष्य संबंध और सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व को समझ सकें।
Leave a Comment
Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.
Login to Your Account
OTP verification is required for login and registration.
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.






0 Comments
No comments yet. Be the first to share your thoughts!