कानपुर के एलिम्को में सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम ने व्हीलचेयर आपूर्ति में कमीशनखोरी और ठेकों में अनियमितता की शिकायत पर आठ घंटे तक फाइलों की जांच की। टीम कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले गई, जबकि एलिम्को प्रबंधन ने प्रक्रिया को पारदर्शी बताया है।

वेब के लिए: एलिम्को में सीबीआइ का छापा, पांच सदस्यीय टीम ने आठ घंटे खंगालीं फाइलें

* व्हीलचेयर आपूर्ति में कमीशनखोरी और एक ही फर्म को ज्यादातर ठेके देने की शिकायत पर जांच

* दोपहर 12 बजे पहुंची टीम रात 8:30 बजे तक करती रही पड़ताल, कई दस्तावेजों की फोटो कापी साथ ले गई

NOI  संवाददाता, कानपुर। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) में शुक्रवार को सीबीआइ की पांच सदस्यीय टीम ने छापा मारा। टीम ने दोपहर करीब 12 बजे से रात 8:30 बजे तक संस्थान में विभिन्न फाइलों और दस्तावेजों की जांच-पड़ताल की। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ भी की गई।

टीम कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की फोटो कापी अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि व्हीलचेयर की आपूर्ति में डीलर को कमीशन देने और एक ही फर्म को ज्यादातर ठेके आवंटित करने की शिकायत पर सीबीआइ ने जांच शुरू की है।

मसवानपुर निवासी सुकांत कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया था कि आइआइटी के पास स्थित एलिम्को ने 22 दिसंबर 2023 को ओडिशा चुनाव के लिए 34.53 करोड़ रुपये की व्हीलचेयर की आपूर्ति की थी। इसमें डीलर को 4.14 करोड़ रुपये कमीशन दिया गया।

इसी तरह 11 फरवरी 2026 को गुजरात सरकार को 22.95 करोड़ रुपये की व्हीलचेयर बेची गईं, जिसमें 2.80 करोड़ रुपये कमीशन दिए जाने का आरोप है। इसके बाद 23 मार्च 2026 को गुजरात सरकार को ही 13.12 करोड़ रुपये की व्हीलचेयर की आपूर्ति की गई, जिसमें 1.58 करोड़ रुपये कमीशन दिया गया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि डीलर को करीब 12 प्रतिशत कमीशन दिया जाता है। इसके अलावा एक ही कंपनी को ज्यादातर ठेके दिए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर सीबीआइ ने मामले की जांच शुरू की है। शुक्रवार को पहुंची टीम ने संबंधित फाइलों को खंगालने के साथ ही आरोपों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की।

पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, नियमों के तहत होता है काम

एलिम्को के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार ने बताया कि सीबीआइ की टीम संस्थान आइ थी और मामले की जांच की है। हालांकि, वह उस समय बाहर थे, इसलिए उन्हें जांच के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि संस्थान में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है। डीलरों से भी नियमानुसार काम कराया जाता है।

0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement