LIVE बिहार पंचायत, मुखिया चुनाव: सिवान व बक्सर में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग, नालंदा में चुनाव कर्मी की मौत
LIVE Bihar Panchayat, Mukhiya Chunav 8th Phase Voting Update:
01.38 PM - गया और जमुई के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच मतदान जारी है। वोटर लगातार बूथों पर पहुंच रहे हैं।
01:30 PM- आठवें चरण का मतदान जारी है। बूथों पर कतारें लंबी हो गई हैं। कुछ जगह छिटपुट घटनाएं हुई हैं, लेकिन कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्ण है।
01:00 PM- औरंगाबाद के डीएम ने ओबरा के बीडीओ से पंचायत चुनाव में लापरवाही बरतने काे लेकर स्पष्टीकरण पूछा है। साथ ही वेतन भी स्थगित कर दिया है।
12:38 PM- बेगूसराय जिले के छौड़ाही प्रखंड के अंतर्गत एकंबा पंचायत के डीही गांव में दो मुखिया और सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान पोलिंग एजेंट की जमकर पिटाई की गई।
12:15 PM- सिवान के रघुनाथपुर व सिसवन में मतदान को प्रभावित करने के लिए फायरिंग की गई। रघुनाथपुर बाजार स्थित मस्जिद के पास मतदाताओं को डराने के लिए फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक सीआरपीएफ जवान को गिरफ्तार किया है। सिसवन की गंगपुर इसुपुर पंचायत में भी फायरिंग हुई है।
11.58 PM- नवादा में पंचायत चुनाव में 11 बजे तक 28.5 प्रतिशत मतदान हुआ है। सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। जिले में कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी के कारण थोड़ी देर से वोटिंग शुरू हुई।
11.40 PM- मधुबनी में गांव की सरकार चुनने के लिए मतदान जारी है। सख्त सुरक्षा के बीच 470 मतदान केन्द्रों पर वोटिंग हो रही है।
11:21 PM- नालंदा के हरनौत के दैली में चुनाव से पहले युवक को मारी गोली। हरनौत थाना क्षेत्र के दैली गांव में पंचायत चुनाव की रंजिश में 32 वर्षीय मुन्ना कुमार को गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात गांव में घूम कर कुछ लोग कह रहे थे कि गांव के ही मुखिया उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करना है। इसी दौरान मुन्ना कुमार ने कहा कि वह किसी के दबाव में मतदान नहीं करेगा। आरोप है घटना के पीछे यही विवाद है।
11:13 AM- नालंदा में चुनाव ड्यूटी में तैनात ईवीएम के मास्टर ट्रेनर की मौत। ईवीएम की गड़बड़ी दूर करने के लिए हरनौत के चौरिया पंचायत सेक्टर में तैनात मास्टर ट्रेनर 55 वर्षीय रविचंद्र किरण की मौत हो गई। वे नूरसराय प्रखंड के नीरपुर के निवासी थे तथा नूरसराय के उत्क्रमित मध्य विद्यालय पपरनौसा में सहायक शिक्षक के तौर पर पदस्थापित थे। निर्वाची पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि ड्यूटी पर आने के दौरान वे बाइक से गिर गए और उनकी मौत हो गई।
10:45 AM- मधुबनी के दो प्रखंडों में आठवें चरण में कड़ी सुरक्षा में हो रहा मतदान। झंझारपुर एवं लखनौर प्रखंडों में 470 बूथों पर मतदान हो रहा है। 1619 महिला सहित 3262 उम्मीदवार आजमा रहे किस्मत। बूथों की सुरक्षा के कड़े प्रबंध, मतदान केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू।
10:40 AM- पूर्वी चंपारण में मतदान जारी। पिपराकोठी के सूर्यपुर बूथ संख्या 41 पर सूबे के गन्ना उद्योग व विधि मंत्री प्रमोद कुमार ने वोट डाला।
10:20 AM- नवादा व कैमूर में अभी तक करीब 12 प्रतिशत मतदान हो चुका है। रोहतास में 20 प्रतिशत से अधिक वोट पड़े हैं।
10:05 AM- पूर्वी चंपारण जिले के तीन प्रखंडों की 38 पंचायतों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। इस दौरान कोटवा प्रखंड के बूथ 74 व 75 पर पुलिस पदाधिकारी अनुपस्थित दिखे। जबकि, दोनों बूथ संवेदनशील चिह्नित हैं। कौआहा कररिया स्थित बूथ 24 पर ईवीएम खराब हो गई।
09:45 AM- नक्सलियों के वोट बहिष्कार एवं नक्सली बंदी के बावजूद प्रभावित इलाकों में बूथों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ रही है। गया जिले के उग्रवाद प्रभावित डुमरिया प्रखंड के मैगरा में लाेग मतदान के लिए कतारों में लगे हुए हैं।
09:23 AM- अब सभी बूथों पर वोटिंग शुरू हो चुकी है। खराब ईवीएम बदले जा चुके हैं। अभी तक मतदान शांतिपूर्ण है। नक्सली बंदी को देखत हुए नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं।
09:13 AM- नालंदा के हरनौत के चौरिया गांव में मतदान के दौरान चुनाव कर्मी की मौत। मौत की वजह स्पष्ट नहीं। शव को हरनौत पीएचसी ले जाया गया। हृदयाघात से मौत की आशंका है।
09:02 AM- सीतामढ़ी के सुप्पी व रीगा में मतदान जारी। रीगा के बूथ संख्या 45 पर शुरुआती दौर में ईवीएम में खराबी के कारण आधा घंटा बाद शुरू हुआ मतदान। सुप्पी के बूथ संख्या 93 सिमरदह कला पर भी मतदान में विलंब हुआ। दोनों प्रखंडो में विभिन्न पदों के लिए कुल 3439 प्रत्याशी मैदान में हैं। रीगा में 239 एवं सुप्पी में 151 बूथों पर मतदान हो रहा है।
08:55 AM- शेखपुरा के बरबीघा की नौ पंचायतों में मतदान की प्रक्रिया एक घंटे विलंब से शुरू हो सकी। सर्वा पंचायत के बूथ संख्या 86, 87 और 92 पर ईवीएम खराब होने के कारण एक घंटा बिलंब से मतदान शुरू हुआ। पूर्णिया के रुपौली प्रखंड में कई जगह बायोमेट्रिक की व्यवस्था अभी तक नहीं हो पाई है। बूथ 222 एवं 223 धूसर टीकापट्टी पंचायत के तेलडीहा गांव में अभी दो बूथों पर बायोमेट्रिक की व्यवस्था नहीं हो पाई है।
08:45 AM- मुजफ्फरपुर के दो प्रखंडों में सुबह सात बजे से मतदान जारी है। गायघाट व बंदरा प्रखंडों में ठंड के बावजूद वोटर बूथों पर पहुंच गए हैं। दोनों प्रखंडों में विभिन्न पदों के लिए कुल 4257 उम्मीदवार मैदान में हैं।
08:23 AM- गया जिले के नक्सल प्रभावित इमामगंज और डुमरिया की 26 पंचायतों में आज सुबह 7:सात बजे से मतदान का कार्य शुरू हुआ। नक्सल प्रभावित होने के कारण सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बलों की भारी तैनाती की गई है। मतदान सुबह सात बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान चलेगा। इमामगंज में 216 और डुमरिया में 162 बूथों पर वोट डाले जा रहे हैं।
08:12 AM- पटना के बाढ प्रखंड में मतदान के ठीक पहले देर रात एक पोलिंग एजेंट बनाने की बात करते व्यक्ति का वीडियो वायरल हो गया है, जिसे पोल में रस्सी से बांध दिया गया है। कुछ ग्रामीण उससे पूछताछ कर रहे हैं। बंधक के दोनों हाथ गमछे से बंधे हैं। वह बता रहा है कि उसे सोनू पासवान ने पोलिंग एजेंट बनाने के लिए बुलाया है। वीडियो सरकटी पंचायत का बताया जा रहा है। लोगो ने आरोप लगाया है कि वह देर रात वोटरों में पैसा बाटने आया था। वायरल वीडियो की पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है।
07:45 AM- औरंगाबाद के ओबरा प्रखंड में आदर्श बूथ पर मतदान के लिए पहुंचने लगे वोटर। बूथ संख्या 45 और 46 पर वोटरों की कतार लंबी होती जा रही है। कैमूर के रामगढ़ प्रखंड क्षेत्र के बूथ संख्या 38, 39 मटियारी में तकनीकी गड़बड़ी के कारण दो ईवीएम बदले गए।
07:33 AM- कैमूर के भभुआ, कैमूर व रामगढ़ प्रखंड क्षेत्रों में बूथ संख्या 54, 55, 56, 57, 58, 59 नी मतदान समय पर शुरू हुआ। हालांकि, सीतामढ़ी के सुप्पी बूथ नंबर 93 सिमरदह कला पर वोटिंग अभी तक शुरू नहीं हो सकी है।
07:23 AM- बांका के कटोरिया प्रखंड की 15 पंचायतों में मतदान शुरू हो गया है। वहां विभिन्न पदों के 1549 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहां 1.16 लाख मतदाता हैं। चुनाव के लिए 208 बूथों पर पुलिस बलों की बड़ी तैनाती की गई है। शुरुआती दौर में कुछ बूथों पर ईवीएम में तकनीकी समस्याएं आई हैं, जिन्हें दूर किया जा रहा है।
07:12 AM- मतदान के लिए बूथों पर वोटर लगातार आ रहे हैं। पश्चिम चंपारण के गौनाहा प्रखंड में मंगुराहां गांव के बूथ संख्या 56 और 57 पर कतार लगी दिख रही है। जिले के गौनाहा एवं योगापट्टी प्रखंडों में पंचायत चुनाव को लेकर बूथों पर कतारें लगने लगी हैं। गौनाहा के 255 एवं योगापट्टी के 262 मतदान केंद्रों पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर वोटिंग हे। दोनों प्रखंड की 18-18 पंचायतों में मतदान है। उधर, खीसराय के सूर्यगढ़ा प्रखंड की वंशीपुर पंचायत में मतदान शुरू हो चुका है।
07:08 AM- मतदान के लिए बूथों पर मतदाताओं का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत फर्जी वोटर पकड़े जाएंगे। ऐसे लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की जाएगी। ऐसे मामलों में जर्माना के साळा एक साल की जेल की सजा हो सकती है।
07:02 AM- पंचायत चुनाव के आठवें चरण में 25561 पदों के लिए 36 जिलों के 11,500 बूथों में अधिकांश पर वोटिंग शुरू हो गई है। कुछ बूथों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
06:30 AM- मतदान के लिए बूथों पर मतदाताओं को कतारें लगने लगी हैं। बूथों पर मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
06:15 AM- बक्सर के चौसा प्रखंड की डेहरी पंचायत में मतदाताओं में दहशत फैलाने के लिए देर रात जमकर फायरिंग की गई। इस क्षेत्र से कुख्यात गुड्डू राय के छोटे भाई की पत्नी चुनाव लड़ रही हैं। पिछले तीन टर्म से लगातार चौसा की प्रखंड प्रमुख भी बन रही हैं। इस बार उन्हें चुनाव में कड़ी चुनौती मिल रही है। गुड्डू राय यूपी के आजमगढ़ जेल में बंद है।
06:00 AM- बिहार के 36 जिलों के 55 प्रखंडों में आज सुबह सात बजे से पड़ेंगे पंचायत चुनाव के आठवे चरण के वोट। ये जिले व प्रखंड कौन-कौन हैं, जानिए...
जिला (प्रखंड)
- पटना (बाढ़, पंडारक)
- बक्सर (चौसा)
- रोहतास (कोचस, डिहरी)
- नालंदा (सरमेरा, हरनौत)
- कैमूर (रामगढ)
- भोजपुर (आरा सदर)
- गया (इमामगंज, डुमरिया)
- नवादा (नवादा, नारदीगंज)
- औरंगाबाद (ओबरा)
- सारण (लहलादपुर, बनियापुर)
- सीवान (रघुनाथपुर, सिसवन)
- गोपालगंज (थावे, मांझा)
- वैशाली (महुआ, सहदेई बुजुर्ग)
- मुजफ्फरपुर (गायघाट, बंदरा)
- पूर्वी चंपारण (मोतिहारी, कोटवा, पीपराकोठी)
- पश्चिमी चंपारण (गौनाहा, योगापट्टी)
- सीतामढी (सुप्पी, रीगा)
- शिवहर (तरियानी, जि प नि क्षे संख्या- 6)
- दरभंगा (बिरौल)
- मधुबनी (झंझारपुर, लखनौर)
- समस्तीपुर (पटोरी, विद्यापति नगर)
- सुपौल (सरायगढ, भपटियाही)
- सहरसा (सिमरी बख्तियारपुर)
- मधेपुरा (मुरलीगंज)
- किशनगंज (ठाकुरगंज)
- पूर्णिया (रुपौली)
- कटिहार (आजमनगर)
- अररिया (पलासी)
- लखीसराय (सूर्यगढ़ा)
- शेखपुरा (बरबीघा)
- बेगूसराय (मटिहानी, छौड़ाही)
- खगड़िया (अलौली जि प्र नि क्षे संख्या- 3 व मानसी जि प्र नि क्षे संख्या- 8)
- मुंगेर (बरियापुर)
- जमुई (खैरा)
- भागलपुर (नाथनगर, सबौर)
- बांका (कटौरिया)
0 Comments
No Comments