NOI लखनऊ। भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश की बची हुई सीटों के प्रत्याशियों के चयन को लेकर गंभीरता से मंथन में जुटी है। बुधवार को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर हुई भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में भाजपा के खाते में आने वाली प्रदेश की शेष 24 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर चर्चा हुई। 
कोर कमेटी ने इन 24 सीटों में से प्रत्येक के लिए तीन-तीन नामों का कर पैनल तय भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया है। साथ ही, प्रदेश में विधान सभा की चार रिक्त सीटों के लिए भी प्रत्याशियों के चयन पर मंथन कर उनके नामों का पैनल भी केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है। 

भाजपा ने पहली सूची में प्रदेश की 80 में से 51 सीटों पर प्रत्याशी तय कर दिए हैं। शेष 29 सीटों में से पांच सहयोगी दलों के खाते में जाएंगी। इन पांच सीटों में से दो रालोद को दी गई हैं जबकि दो अपना दल (एस) और एक सुभासपा को मिलेगी। 

रालोद ने बिजनौर और बागपत की सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित भी कर दिए हैं। इस तरह अब 24 सीटें ऐसी हैं, जिन पर भाजपा को प्रत्याशी तय करने हैं। इसके अलावा विधान सभा की चार सीटें भी खाली हैं जिन पर लोकसभा चुनाव के साथ ही उपचुनाव होने की संभावना है। इनमें लखनऊ पूर्व, सोनभद्र की दुद्धी, बलरामपुर की गैसड़ी और शाहजहांपुर की ददरौल सीटें शामिल हैं। 

कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के उप्र लोकसभा चुनाव प्रभारी व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक और पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) केशव प्रसाद मौर्य ने हिस्सा लिया।

कोर कमेटी की बैठक से पहले भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के चुनाव प्रभारी पांडा के साथ चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक हुई। बैठक में पांडा ने समिति के सदस्यों से प्रदेश में पार्टी की लोकसभा चुनाव तैयारियों के बारे में फीडबैक लिया। 

चुनाव प्रबंधन के लिए भाजपा ने 36 विभाग बनाए है। बैठक में तय हुआ है कि जल्द ही इन 36 विभागों के दायित्व निर्धारित कर दिए जाएं ताकि लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही वे गति पकड़ लें। खासतौर पर अब पार्टी की ओर से शुरू होने वाली चुनावी रैली और जनसभाओं के प्रबंधन को लेकर चर्चा हुई।

निषाद पार्टी ने लोस और विप की एक-एक सीट मांगी

निषाद पार्टी ने भाजपा से लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में एक सीट की मांग की है जिस पर वह अपने सिंबल पर प्रत्याशी लड़ा सके। वहीं उसने विधान परिषद में भी एक सीट मांगी है। निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने इस संबंध में बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व लोकसभा चुनाव प्रभारी से भी मुलाकात कर उनके सामने यह मांग रखी है। 

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement