LIVE बिहार पंचायत, मुखिया चुनाव: खगड़िया में रामविलास पासवान की पहली पत्नी ने डाला वोट; नालंदा में गोलीबारी, एक घायल
12.05 AM- पंचायत चुनाव के नौवें चरण की वोटिंग के दौरान बूथों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। महिलाएं गांव की सरकार चुनने में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।
11:20 AM- पंचायत चुनाव के दौरान नालंदा के हिलसा की जूनियार पंचायत स्थित गुलनी गांव में गोलीबारी की घटना हुई है। इसमें एक युवक घायल बताया जा रहा है। उसे पटना रेफर कर दिया गया है।
11:07 AM- खगड़िया के अलौली प्रखंड में रामविलास पासवान की पैतृक पंचायत शहरबन्नी भी है। वहां बूथ संख्या 153 पर रामविलास पासवान की प्रथम पत्नी राजकुमारी देवी ने मतदान किया। राजकुमारी देवी अपने रिश्ते में भतीजे साधु पासवान के साथ बूथ पहुंची और मतदान किया।
10:55 AM- शेखपुरा के अरियरी के ससबहना कभी लाल इलाका जाना जाता था। यहां चुनाव महिला कमांडो की तैनाती के बीच कराया जा रहा है। अरियरी प्रखंड की 10 पंचायतों में कड़ी सुरक्षा के बीच पंचायत चुनाव का मतदान शुरू। सुबह साढ़े 7 बजे ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार देखी गई। खासकर प्रखंड की हॉट मानी जाने वाली पंचायतों में सुबह से ही मतदाता वोट देने के लिए घरों से निकल पड़े।
10:00 AM- पंचायत चुनाव की वोटिंग में ठंढ का असर नहीं दिख रहा है।सभी बूथों पर मतदाताओं की कतारें लगातार लंबी होती जा रहीं हैं। हर उम्र के मतदाता बूथों पर पहुंच रहे हैं। पूर्वी चंपारण के अरेराज प्रखंड की चटिया चिंतामनपुर पंचायत के बूथ संख्या 21 पर 105 साल की बुजुर्ग महिला भी वोट देने आईं।
09:30 AM- पूर्वी चंपारण के तीन प्रखंडों के 685 बूथों पर सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। इस दौरान हरसिद्धि प्रखंड की ओल्हा मेहता टोला पंचायत के बूथ संख्या 258 पर ईवीएम खराब हो जाने के कारण मतदान बाधित हुआ। इसी प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 240 पर पर भी ईवीएम खराब होने की शिकायत मिली। प्राथमिक विद्यालय दनहीं के बूथ पर भी वार्ड सदस्य को वोट देने वाली मशीन खराब रहने के कारण मतदान बाधित रहा। बूथ संख्या 203 पर पंचायत समिति की भी ईवीएम खराब मिली।
09:20 AM- पूर्वी चंपारण के हरसिद्ध में मतदान की पूर्व संध्या मतदाताओं को धमकाने और प्रभावित करने के खूब प्रयास किए गए। हरसिद्धि प्रखंड क्षेत्र की हसुआहां मानिकपुर पंचायत में मुखिया राजेन्द्र पांडेय के भाई ने सरेया गांव में ददन प्रसाद के घर में देर रात घुसकर मारपीट की एवं घर में बंद कर बंधक बना लिया। ग्रामीणों के विरोध को देखकर बंधक को छोड़ दिया।
09:06 AM- बांका जिले के नक्सल प्रभावित चांदन और फुल्लीडुमर प्रखंडों में मतदान अपराह्न तीन बजे तक ही होगा। चांदन की 17 पंचायतों में 1760 और फुल्लीडुमर की 11 पंचायतों में 1371 उम्मीदवार हैं। दोनों प्रखंडों में पांच लेयर की सुरक्षा व्यवस्था का दावा एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने किया है।
08:45 AM- मधुबनी के बेनीपट्टी के रामनगर गांव में बूथ संख्या 403 पर वोट एमएलसी घनश्याम ठाकुर ने वोट डाला। बेनीपट्टी के आहपुर में बूथ संख्या 196 पर एक बूढ़ी महिला कौशल्या देवी ने भी मतदान किया। मधुबनी सहित नवादा, औरंगाबाद, बेगूसराय व पूर्वी चंपारण आदि सभी 35 जिलों में मतदान तेज हो चुका है।
08:30 AM- कड़ी सुरक्षा के बीच मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) के अरेराज, पहाड़पुर व हरसिद्धि के 685 बूथों पर मतदान जारी है। मतदान की पूर्व संध्या पर हरसिद्धि की हसुआहां मानिकपुर में मुखिया के भाई ने की मारपीट व बंधक बनाने की कोशिश। हरसिद्धि के बूथ संख्या 240 और 258 पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान में विलंब हो रहा है।
08:00 AM- पटना जिले के फतुहा और बख्तियारपुर प्रखंड में मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बख्तियारपुर प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील मानते हुए वहां सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। फतुहा के जेठुली मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी कतार लग गई है।
07:30 AM- समस्तीपुर जिले के वारिसनगर और कल्याणपुर प्रखंडों में मतदान शुरू हो गया है। वारिसनगर और कल्याणपुर में कुल 5293 उम्मीदवारों की किस्मत का मतदाता फैसला कर रहे हैं। इसके पहले 129 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
07:01 AM- मतदान के लिए बूथों पर कतारें लग गईं हैं। मतदान सुबह सात बजे आरंभ हो चुका है। यह शाम पांच बजे तक चलेगा। शाम पांच बजे तक कतारों में लग चुके लोगों को वोट देने का मौका दिया जाएगा।
06:30 AM- बिहार पंचायत चुनाव के नौवें चरण में 35 जिलों की 875 पंचायतों में 7,754 बूथों पर सुबह सात बजे मतदान आरंभ होगा। शांतिपूर्ण मतदान के लिए 42 हजार पुलिस व सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
06:00 AM- नौवें चरण के पंचायत चुनाव में आज 35 जिलों में कहां-कहां है मतदान, जानिए...
जिला (प्रखंड)
- पटना (फतुहा, बख्तियारपुर)
- बक्सर (ब्रह्मपुर)
- रोहतास (दिनारा, सूर्यपूरा)
- नालंदा (बिंद, हिलसा)
- कैमूर (अघौरा)
- भोजपुर (गड़हनी, कोईलवर)
- गया (मानपुर, परैया, नगर)
- नवादा (नरहट, हिसुआ)
- औरंगाबाद (हसपुरा)
- सारण (छपरा सदर, एकमा)
- सीवान (भगवानपुर हाट, लकड़ीनबीगंज)
- गोपालगंज (गोपालगंज, सिंघवलिया)
- वैशाली (पातेपुर)
- मुजफ्फरपुर (पारू)
- पूर्वी चंपारण (अरेराज, पहाड़पुर, हरसिद्धि)
- पश्चिमी चंपारण (नौतन, बैरिया)
- सीतामढी (परिहार)
- शिवहर (पिपराही)
- दरभंगा (हनुमाननगर, सिंघवाड़ा)
- मधुबनी (बेनीपट्टी, लौकही)
- समस्तीपुर (वारिसनगर, कल्याणपुर)
- सुपौल (किसनपुर)
- सहरसा (महिषी)
- मधेपुरा (उदाकिशुनगंज)
- किशनगंज (पोठीहा)
- पूर्णिया (वायसी)
- कटिहार (कदवां)
- अररिया (सिकटी)
- लखीसराय (बड़हिया)
- शेखपुरा (अरियारी)
- बेगूसराय (साहेबपुरकमाल, सामो अकहा कुरहा)
- खगड़िया (अलौली, जि प्र क्षे नि संख्या- 1 व 2)
- मुंगेर (मुंगेर सदर)
- भागलपुर (पीरपैंती)
- बांका (फुल्लीडुमर, चांदन)
0 Comments
No Comments