रायबरेली, NOI : बहाने से युवक को घर बुलाकर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है। पीड़ित पिता की तहरीर पर एक महिला, उसके पति व देवर के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। डीह थाने के पूरे रनबहादुर मजरे टेकारी दांदू निवासी अंकित यादव शुक्रवार की रात टेकारी दांदू के दिनेश वर्मा के घर गया था। वहां आरोपितों ने बहाने से उसको घर के अंदर बुला लिया।

इस दौरान उसके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। इसके थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। काफी देर बाद भी जब अंकित घर नहीं लौटा तो उसके घरवालों ने तलाश शुरू की। इस दौरान घटना की जानकारी हुई। मामले की जानकारी संबंधित पुलिस थाने को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पीड़ित पिता शिवबालक यादव की तहरीर पर दिनेश वर्मा, उसकी पत्नी सरोजनी और भाई महेश वर्मा के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद से सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हैं। तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। 

जिनकी करता था मदद, वही बन गए कातिलः ग्रामीणों के अनुसार अंकित के आरोपितों के घरवालों से घनिष्ठ संबंध थे। वह अक्सर उनके घर आता रहता था। यही नहीं,उनकी मदद भी करता रहता था। हत्या जैसी घटना को क्यों अंजाम दिया गया, इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो पाई है। एसओ रवींद्र सोनकर ने बताया कि नामजद आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमें लगा दी गई हैं, जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement