चंडीगढ़ में न प्रापर्टी लीज होल्ड से फ्री होल्ड और न ही मिसयूज वायलेशन चार्जेस तय, प्रशासक से मिलेंगे व्यापारी
NOI: चंडीगढ़।: चंडीगढ़ में इंडस्ट्री और ट्रेड से जुड़े कई मामले ऐसे हैं जो वर्षों से लटके हैं। प्रापर्टी लीज से फ्री होल्ड तक नहीं हो रही। 40 साल से शहर के इंडस्ट्रियलिस्ट और ट्रेडर्स इसका इंतजार कर रहे हैं। टाइटल क्लीयर नहीं होने से किसी के पास प्लॉट का मालिकाना हक तक नहीं है। इसी तरह से मिसयूज और वायलेशन के चार्जेस निर्धारित नहीं हैं। इस मामले को कैसे सुलझाया जाए यह भी सवाल है।
इन सभी बातों को लेकर चंडीगढ़ बिजनेस काउंसिल के नवनियुक्त अध्यक्ष चंद्र वर्मा ने प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित से मिलकर चर्चा करने का निर्णय लिया है। चंद्र वर्मा अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ उनसे मिलेंगे। बिजनेस काउंसिल की बैठक में चंडीगढ़ बिजनेस काउंसिल के 50 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष नीरज बजाज ने चंद्र वर्मा की नियुक्ति की घोषणा की। चंडीगढ़ बिजनेस काउंसिल का गठन शहर के व्यापारियों की दिक्कतों को दूर करने के लिए किया गया है।अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद चंद्र वर्मा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता व्यापारियों के लंबित मुद्दों को हल करवाने की होगी।
फायर एनओसी लेना नहीं आसान
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में व्यापारी वैट एसेसमेंट पंजाब की तर्ज पर करने की मांग कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त बिल्डिंग प्लान अप्रूवल और कंपलीशन सर्टिफिकेट में आने वाली दिक्कतों को प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर हल करे। चंद्र वर्मा ने कहा कि शहर के व्यापारियों की एक सबसे बड़ी दिक्कत फायर की एनओसी है। हर तीसरे वर्ष व्यापारियों को फायर की एनओसी के लिए प्रशासन के दफ्तरों में चक्कर काटने पड़ते हैं। इसके लिए प्रशासन को शहर के विभिन्न मार्केट में पानी के टैंक बनाने चाहिए।
प्रशासक से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
बैठक में शहर के व्यापारियों नीरज बजाज, जगदीश कालरा, संजय दहूजा ने कहा कि चंडीगढ़ में अधिकांश प्रॉपर्टी लीज होल्ड है। जिसके चलते कोई भी चंडीगढ़ में निवेश नहीं करना चाहता। प्रशासन को सभी प्रॉपर्टी फ्री होल्ड करनी चाहिए। बिजनेस काउंसिल के अध्यक्ष चंद्र वर्मा ने शहर के पुराने सेक्टर की मार्केट में बने शोरूम में बॉक्स टाइप स्ट्रक्चर की परमिशन देने को कहा। शीघ्र चंडीगढ़ बिजनेस काउंसिल का एक प्रतिनिधि मंडल अपनी मांगों को लेकर प्रशासक से मुलाकात करेगा।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.






0 Comments
No Comments