गोरखपुर,NOI:  कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन को लेकर 17 व 18 दिसंबर को कोविड अस्पतालों की तैयारियां परखी जाएंगी। पांच अस्पतालों में माकड्रिल आयोजित किया जाएगा। निगरानी के लिए हर जगह एक एसीएमओ की ड्यूटी लगाई गई है।

17 व 18 दिसंबर को होगा माकड्रिल

सीएमओ डा. आशुतोष कुमार दूबे ने बताया कि इसके लिए उन अस्पतालों को चुना गया है, जहां पीडियाट्रिक आइसीयू व आक्सीजन प्लांट हैं। माकड्रिल 13 दिसंबर को होना तय था। अब शासन ने इसकी तिथि बदलकर 17 व 18 दिसंबर कर दिया है। इससे पूर्व 15 दिसंबर तक विभाग को पिछले माकड्रिल में मिली खामियों को पूरा कर शासन को रिपोर्ट भी भेजनी है।

13 नवंबर को हुए माकड्रिल में मिली थी कई कमियां

पिछले 13 नवंबर को हुए माकड्रिल में सीएचसी कैंपियरगंज और हरनही में आक्सीजन पाइपलाइन संचालित नहीं मिली थी। टीबी अस्पताल के आइसीयू सेटअप में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ नहीं थे। बड़हलगंज स्थित राजा हरिप्रसाद मल्ल गवर्नमेंट होम्योपैथिक कालेज के कर्मचारियों में प्रशिक्षण का अभाव पाया गया था। सीएससी चौरीचौरा में इंटीग्रेटेड कोविड कमांड कंट्रोल सेंटर का कोई भी व्यक्ति माकड्रिल में शामिल नहीं था।

इन अस्पतालों में होगा माकड्रिल

-राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कालेज, बड़हलगंज, 100 बेड, एल-वन व एल-टू

-टीबी सह सामान्य अस्पताल, नंदानगर, 100 बेड, एल-टू

-सीएचसी, कैंपियरगंज, 60 बेड, एल-वन

-सीएचसी, हरनही, 50 बेड, एल-वन

- सीएचसी, चौरीचौरा, 50 बेड, एल-वन

2503 लोगों को लगाया गया कोरोना रोधी टीका

कोविड टीकाकरण अभियान में रविवार को 91 बूथों पर 2503 लोगों को कोरोना रोधी टीका लगाया गया। 1068 को पहली व 1435 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य आरोग्य मेले में भी बूथ बनाए गए थे। लेकिन टीकाकरण के लिए बहुत कम संख्या में लोग पहुंचे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एनके पांडेय ने बताया कि अभी जो वंचित हैं, वे बूथों पर पहुंचकर टीका लगवा लें। वैक्सीन की कमी नहीं है।

मुख्यमंत्री आरोग्य मेला में 3611 लोगों को मिला लाभ

12 दिसंबर को 78 अस्पतालों पर मुख्यमंत्री स्वास्थ्य आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। 3611 लोगों ने लाभ लिया। इसमें 1412 पुरुष, 1781 महिलाएं व 418 बच्चे शामिल हैं। यह मेला शहरी क्षेत्र में अर्बन हेल्थ पोस्ट और ग्रामीण क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित किया गया। सीएमओ डा. आशुतोष कुमार दूबे ने बताया कि 42 लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। मेले में लिवर के 56, चर्म रोग के 490, एक टीबी रोगी, 146 गर्भवती व 1414 अन्य रोगों से पीड़ित थे। 619 लोगों की कोविड जांच की गई। कोई पाजिटिव नहीं मिला। चार रोगियों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया गया। मेले में 124 चिकित्सक और 313 पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी। मेले में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन व मेडिकल कालेज के डाक्टरों का भी सहयोग रहा।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement