शराबबंदी के मुद्दे पर बिहार में फिर गरमाई सियासत, RJD ने CM नीतीश को दी अविश्वास प्रस्ताव की धमकी
शराबबंदी कानून पर अविश्वास प्रस्ताव की धमकी
आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता व विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा है कि महागठबंधन की सरकार के दौरान लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) को शराबबंदी कानून को इतना कड़ा नहीं बनाने को कहा था। उसी वक्त लालू प्रसाद यादव ने कहा था कि इससे जनता की समस्याएं बढ़ेंगी। जब शराबबंदी कानून के कारण जनता की समस्या बढ़ गई, तब एक बार फिर यह कहा कि शराबबंदी कानून फेल है। कानून में संशोधन जनता और आरजेडी के मुताबिक होना चाहिए, अन्यथा इस मुद्दे पर पार्टी अविश्वास प्रस्ताव लाकर वोटिंग की मांग करेगी।
आरजेडी का आरोप: पकड़े नहीं जा रहे रसूखदार
भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि शराबबंदी कानून के विफल होने के पीछे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शराब माफिया (Liquor mafiya) से मिले कुछ करीबी लोग व कुछ बड़े नेता व अधिकारी हैं। जब से कानून बना है, जहरीली शराब से सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है। सवाल यह है कि करीब 1.40 लाख गरीब शराबबंदी कानून के तहत जेलों में बंद हैं। फिर, आखिर शराब बेचने वाले वे रसूखदार लोग कौन हैं, जिनकी गिरफ्तारी नहीं हो रही है?
शराबबंदी के जनविरोधी प्रावधानों का विरोध
भाई वीरेंद्र ने स्पष्ट किया कि वे शराब चालू करने के पक्ष में नहीं कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि कड़े कानून के ऐसे प्रावधानों, जिनपर अमल नहीं हो रहा है और जिनसे जनता परेशान है, आरजेडी उनके खिलाफ है।
आरजेडी पर जेडीयू ने किया कड़ा पलटवार
दूसरी ओर आरजेडी की शराबबंदी को लेकर अविश्वास प्रस्ताव की धमकी पर जेडीयू ने भी कड़ा पलटवार किया है। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि सरकार शराबबंदी कानून में संशोधन कर रही है। अगर आरजेडी को शराबबंदी कानून पर इतना ही ऐतराज है, तो वह शराबबंदी कानून खत्म करने का मामला सदन में लाए, ताकि जनता शराबबंदी कानून लागू करने के समय सरकार के साथ खड़ी पार्टी का असली चेहरा देख सके।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.






0 Comments
No Comments