रामपुर, NOI:  UP Vidhan Sabha Election 2022 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को जनपद के बिलासपुर और पटवाई में जनसभा को संबोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी राजीव कुमार मांगलिक ने बताया कि मुख्यमंत्री हैलीकाप्टर से बुधवार को बिलासपुर में रामपुर रोड स्थित शंकर राइस मिल में उतरेंगे। दोपहर दो बजे वह बिलासपुर में सोमवार की बाजार स्थित रामलीला ग्राउंड में सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह हैलीकाप्टर से दीक्षित राइस मिल पटवाई पहुंचेंगे। अपराह्न तीन बजे पटवाई में पुरानी बाजार स्थित रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री पिछले माह भी रामपुर आए थे। एक जनवरी को बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के रठौंडा में जनसभा को संबोधित किया था। इस बार भी वह बिलासपुर आ रहे हैं। इस सीट से प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख भाजपा प्रत्याशी हैं। मंगलवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी रठौंडा और मिलक सुरक्षित क्षेत्र के शाहबाद में आए थे। मिलक सीट से विधायक राजबाला सिंह भाजपा प्रत्याशी हैं। पिछले चुनाव में भाजपा जिले की पांच में से इन दो सीटों पर ही जीत सकी थी। इस बार भी पार्टी नेता इन दोनों सीटों को बचाए रखने के लिए पूरी ताकत से जुटे हैं। इन क्षेत्रों में बार-बार चक्कर लगा रहे हैं।
आज विजय रथ पर सवार होकर घूमेंगे अखिलेश यादव : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को रामपुर आएंगे। वह यहां विजय रथ पर सवार होकर जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में घूमेंगे। सांसद आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू ने बताया कि सपा मुखिया का हैलीकाप्टर बुधवार को 11:50 बजे यंगमैन हैलीपेड पर उतरेगा। इसके बाद गांधी समाधि पहुंचेंगे। यहां विजय रथ पर सवार होकर जौहर रोड से होते हुए एलआइसी चौराहा पहुंचेंगे।
इसके आगे ईदगाह गेट पहुंचकर जनता को संबोधित करेंगे। यहां से माला रोड व मिस्टनगंज होते हुए किले के पश्चिमी गेट पर पहुंचेंगे। यहां जनता को संबोधित करने के बाद ढाई बजे जेल के पास तिराहे पर पहुंचकर जनता से सपा के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे। इस स्थान से थोड़ी दूरी पर ही सांसद आजम खां का घर भी है। इस स्थान पर सपा मुखिया पहली बार जनता को संबोधित करेंगे।
रामपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में घूमने के बाद साढ़े तीन बजे चमरौआ विधानसभा क्षेत्र के गांव खौद पहुंचेंगे। यहां भी जनता के सामने अपनी बात रखेंगे। इसके बाद स्वार टांडा विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। स्वार नगर में साढ़े चार बजे, नरपतनगर में पांच बजे, मसवासी में साढ़े पांच बजे, दढियाल में छह बजे और टांडा में सात बजे जनता को संबोधित करेंगे। इसके बाद बरेली जनपद के लिए चले जाएंगे।


0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement