नई दिल्ली, NOI : शुक्रवार देर रात हुई बारिश के बाद शनिवार को दिल्ली-एनसीआर का मौसम सुहाना हो गया है। यह अलग बता है कि हवाओं के चलते ठंड का एहसास अन्य दिनों की तुलना में अधिक है, लेकिन धूप खिलने से इसका असर दिन में कम हो जाएगा। वहीं, शनिवार देर तक बीच-बीच में बारिश होने के आसार हैं, इसके लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार,  शुक्रवार की तरह ही शनिवार को भी दिन भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शनिवार सुबह से 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली झोंकेदार हवा दिनभर चलेगी, इस दौरान बीच में हल्की बारिश भी होगी। शनिवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम विभाग की ओर से शनिवार के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। रविवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। कुलमिलाकर शनिवार सुबह से लेकर रात तक बारिश हो सकती है। 

इन इलाकों में बारिश होने के आसार

  • दिल्ली
  • लोनी देहात
  • हिंडन एएफ स्टेशन
  • गाजियाबाद
  • इंदिरापुरम
  • छपरौला
  • नोएडा
  • दादरी
  • ग्रेटर नोएडा
  • कुरुक्षेत्र
  • करनाल
  • कैथल
  • पानीपत
  • मुजफ्फरनगर
  • मेरठ
  • मोदीनगर
  • हापुड़
  • बुलंदशहर
  • हाथरस
  • मथुरा 

इससे पहले शुक्रवार सुबह धूप खिली रही, लेकिन बीच-बीच में बादल भी छाते रहे। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार शाम दिल्ली में मौसम ने करवट ले ली। कई इलाकों में तेज हवा के साथ बादल भी गरजे और हल्की बारिश हुई। कई इलाकों में तेज हवा के साथ बादल गरजे और हल्की बारिश हुई। दक्षिणी और पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों में देर रात तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। कई जगह बिजली भी चमकी।हालांकि इससे ठंडक में कोई खास इजाफा नहीं हुआ।  शुक्रवार को दिन भर मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 27.9 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान इस सीजन का सर्वाधिक रहा। हवा में नमी का स्तर 44 से 95 प्रतिशत दर्ज हुआ। बारिश शाम साढ़े पांच से रात साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग में 1.6 मिमी और पालम में 3.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस नजफगढ़ में और सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस पीतमपुरा में रिकार्ड किया गया।

खराब से बहुत खराब श्रेणी में रही दिल्ली एनसीआर की हवा

शुक्रवार को भी दिल्ली एनसीआर की हवा खराब से बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 286 रहा। एनसीआर में फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 294, गाजियाबाद का 329, ग्रेटर नोएडा का 308, गुरुग्राम का 272 और नोएडा का 268 दर्ज किया गया। दिल्ली में पीएम 2.5 का स्तर 132 जबकि पीएम 10 का स्तर 249 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। सफर इंडिया का अनुमान है कि बारिश के असर से शनिवार को वायु प्रदूषण के स्तर में सुधार संभावित है। 

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement