नई दिल्ली, NOI : इन दिनों अगर किसी फिल्म की जोर- शोरो से चर्चा है तो वो है विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी द कश्मीर फाइल्स की। इस फिल्म ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस धमाल मचाया हुआ है। शुरुआत में केवल 700 स्क्रीन्स पर रिलीज की गई इस फिल्म को दर्शकों की डिमांड के बाद अब देशभर में 2000 स्क्रीन्स पर दिखाया जा रहा है। फिल्म में सभी कलाकारों ने शानदार काम किया है, लेकिन जिसकी एक्टिंग की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है वह अभिनेता अनुपम खेर और अभिनेत्री पल्लवी जोशी हैं।

दर्शक अनुपम खेर से मिलकर फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' और उनकी एक्टिंग की तारीफ कर रहे हैं। इस बात का खुलासा खुद दिग्गज अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए किया है। अनुपम खेर सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहने वाले कलाकारों में से एक है। वह अपने फैंस से जुड़े रहने के लिए अक्सर अपनी खास तस्वीरें और वीडियो भी शेयर करते रहते हैं।

अनुपम खेर ने अपने आधिकारिक कू Koo अकाउंट पर 'द कश्मीर फाइल्स' से जुड़ी अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'जब एयरपोर्ट पर आपको 12-15 लोग बोलें, आपकी द कश्मीर फाइल्स देखी। माफ कीजिएगा ! हमें पता ही नहीं था कि कश्मीरी पंडितों के साथ यह सब हुआ था। और फिर सिक्योरिटी कहे, खेर साहब! आपकी फिल्म ने दहला दिया। तो इसका मतलब है हमारी फिल्म लोगों के दिलों तक जा रही है। झकझोर रही है! जय हो!

फिल्म लोगों के दिलों तक जा रही है। झकझोर रही है! जय हो !

सोशल मीडिया पर अनुपम खेर का यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। अभिनेता के फैंस उनकी पोस्ट को खूब पसंद कर रहे हैं। साथ ही कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। गौरतलब है कि हाल ही डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री, प्रोड्यूसर अभिषेक अग्रवाल और पल्लवी जोशी पीएम मोदी से मिले। पीएम मोदी ने मेकर्स की तारीफ की कि उन्होंने इस विषय पर फिल्म बनाने की हिम्मत दिखाई। विवेक अग्निहोत्री ने भी एक ट्वीट कर पीएम मोदी का आभार जताया है।

आपको बता दें कि 'द कश्मीर फाइल' ने धीमी शुरुआत के बाद बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार की तरह रविवार को भी फिल्म ने बंपर कमाई की है। इस फिल्म ने पहले दिन जोरदार प्रदर्शन करते हुए उम्मीद से अधिक 3.35 करोड़ का कलेक्शन कर डाला था। हैरानी की बात यह है कि इस फिल्म का बजट ही 14 करोड़ है। दूसरे दिन फिल्म ने 8.25 करोड़ और तीसरे दिन रिकॉर्डतोड़ 14 करोड़ का कलेक्शन किया है। फिल्म ने तीन दिन में करीब 26 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर डाला है। 

0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement