बाहरी दिल्ली NOI:  होलंबी कलां के मेट्रो विहार में एक पिता ने अपनी बेटी का गला घोंटकर खुद भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पिता की पहचान सुरेश व बेटी की पहचान मानसी (बदला हुआ नाम) के रूप में हुई है। एनआइए थाना पुलिस ने बाबू जगजीवन राम अस्पताल में दोनों शव का पोस्टमार्टम कर शव स्वजन को सौंप दिए। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार सुरेश, पत्नी रमा देवी, दो बेटों व दस वर्षीय बेटी मानसी के साथ रहता था। मंगलवार सुबह रमा देवी साफ सफाई का काम करने गई थी। शाम के समय सुरेश की मां ने सुरेश को फंदे पर लटकते हुए व मानसी को बिस्तर पर पड़े देखा। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस को सुरेश के भतीजे रोहन ने फोन कर बताया कि उसके चाचा व चाचा की बेटी ने फांसी लगा ली है।

पुलिस कर्मी जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि सुरेश ने छत के सरिये पर फांसी लगा रखी थी, जबकि मानसी का शव बिस्तर पर पड़ा था। मानसी के शरीर पर चोट, गला घोंटने का कोई निशान नहीं था। सुरेश के शरीर पर भी कोई चोट का निशान नहीं था।

सुरेश के भतीजे रोहन ने बताया कि मंगलवार शाम उसकी दादी (सुरेश की मां) ने सुरेश को खाना खाने के लिए बुलाया था। कई बार आवाज देने पर भी सुरेश ने कोई जवाब नहीं दिया। दादी जब सुरेश के कमरे में पहुंची तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दादी के चिल्लाने की आवाज सुनकर वह भी कमरे में गए। कमरे में चाचा फंदा लगाकर, जबकि मानसी बिस्तर पर पड़ी हुई थी।

स्वजन के अनुसार करीब चार वर्ष पहले मानसी खेलते-खेलते अचानक मकान की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई थी। इससे उसके सिर पर चोट लग गई थी व मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। बेटी के इलाज के लिए सुरेश ने नौकरी भी छोड़ दी थी व उसकी सेवा करता रहता था। स्वजन की मानें तो सुरेश मानसी का किसी भी तरह से उपचार करवाकर उसको ठीक करना चाहता था। बार-बार डाक्टरों से इलाज करवाकर घर की आर्थिक स्थिति भी खराब होती जा रही थी और उनकी मानसिक स्थिति भी बिगड़ने लगी थी।

संभावना जताई जा रही है कि सुरेश ने परेशान होकर पहले मानसी का गला घोंटा और फिर खुद भी फांसी लगा ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि मानसी के गले पर कोई निशान नहीं हैं। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही सच्चाई का पता लग पाएगा।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement