जालंधर NOI : पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगभग प्रतिदिन हो रही 70 से 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी अब उपभोक्ताओं और पेट्रोलियम डीलर्स को परेशान करने लगी है। शनिवार को एक बार फिर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 77 पैसे प्रति लीटर के लगभग वृद्धि हो गई है। शनिवार को जालंधर में पेट्रोल 97.98 रुपए प्रति लीटर और डीजल 86.77 रुपए प्रति लीटर की कीमत पर बिक रहा है।

-25 मार्च को महानगर में पेट्रोल की कीमत 97.21 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 86.01 रुपए प्रति लीटर थी।

- 23 मार्च को पेट्रोल 96.44 रुपये प्रति लीटर और डीजल 85.24 रुपये प्रति लीटर की दर पर बिका था।

बता दें कि नवंबर 2021 के बाद 22 मार्च को पेट्रोल डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ था और उस दिन पेट्रोल की कीमत 95.66 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 84.48 रुपये प्रति लीटर थी।

पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन पंजाब के प्रवक्ता मोंटी गुरमीत सहगल ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगभग रोजाना हो रही बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं और पेट्रोलियम व्यवसायियों में सहम का माहौल है। यही वजह है कि पेट्रोलियम डीलर्स को रोजाना तेल खरीदने के लिए ज्यादा पूंजी खर्च करनी पड़ रही है, जबकि बिक्री में उधार भी देना पड़ रहा है। कृषि सेक्टर में उधार सबसे ज्यादा चल रहा है, क्योंकि अभी तक गेहूं की खरीद शुरू नहीं हुई है और जमींदारों के पास पैसे नहीं हैं। कीमतें बढ़ने के डर से वह ज्यादा डीजल खरीद रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब तेल कंपनियों की तरफ से डेली प्राइसिंग फॉर्मेट लागू किया गया था तो मौखिक आधार पर यह फैसला लिया गया था कि रोजाना एक रुपये प्रति लीटर से ज्यादा कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। शायद उसी वजह से रोजाना औसतन 70 से 80 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हो रही है, लेकिन निस्संदेह इससे पेट्रोलियम डीलर्स एवं उपभोक्ताओं को कष्ट हो रहा है। 

0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement