जयपुर NOI: राजस्थान के दौसा जिले में कांग्रेस के विधायक के पुत्र सहित पांच लोगों के खिलाफ 15 वर्षीय नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। मामला फरवरी, 2021 का है। दौसा जिले मंडावर पुलिस थाने में मामला शुक्रवार को दर्ज हुआ है। पीड़िता के स्वजनों का आरोप है कि एक होटल में दुष्कर्म कर आरोपितों ने घटनाक्रम का वीडियो बनाया था। वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर साढ़े 15 लाख रुपये व जेवरात आरोपितों ने ले लिए है। पीड़िता के पिता का आरोप है कि आरोपितों ने उन्हें धमकाया कि कानून हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। हमारे एक साथी का पिता कांग्रेस का विधायक है। महुवा पुलिस उप अधीक्षक बृजेश कुमार मामले की जांच कर रहे हैं।

पीड़िता से नकदी व जेवरात भी लिए

पुलिस में दर्ज करवाई रिपोर्ट के अनुसार, घटना फरवरी, 2021 की है। नाबालिग पीड़िता 10वीं कक्षा में पढ़ती है। फेसबुक पर उसकी पहचान अलवर जिले के थूमड़ा निवासी विवेक शर्मा से हुई थी। 24 फरवरी को विवेक, कांग्रेस विधायक जौहरी लाल मीणा के पुत्र दीपक, उनके साथी नेतराम व दो अन्य युवकों ने नशे की गोली खिलाकर पीड़िता के साथ मंडावर पुलिस थाना क्षेत्र के एक होटल में सामूहिक दुष्कर्म किया था। इस दौरान विवेक और दीपक ने पीड़िता का अश्लील वीडियो बना लिया था। विवेक ने वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर कई बार नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। मई में पैसे की मांग की तो नाबालिग ने बदनामी के भय के कारण घर से मां के जेवरात और 15 लाख रुपये विवेक को दे दिए। जेवरात और नकदी चोरी होने का मामला नाबालिग के पिता ने अलवर के रैणी पुलिस थाने में दर्ज करवाया था। पुलिस की जांच में विवेक का हाथ इसमें होना बताया गया। दिसंबर में विवेक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने कबूल किया कि नाबालिग पीड़िता ने उसे रुपये और जेवरात दिए थे। इस बीच, पिछले दिनों नाबालिग की तबीयत बिगड़ गई। 24 मार्च, 2022 को बीमार नाबालिग को अस्पताल में भर्ती करवाया। जांच में नाबालिग के साथ दुष्कर्म होने की बात सामने आई। इस पर स्वजनों से पूछताछ की तो नाबालिग ने बताया कि अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था।

विधायक बोले, मेरा बेटा निर्दोष

राजगढ़ के कांग्रेस विधायक जौहरीलाल मीणा ने कहा कि मेरा बेटा निर्दोष है। उसे झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। वहीं, पुलिस के जांच अधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात मंडावर थाने में सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। इसमें विधायक के बेटे सहित पांच लोगों को आरोपित बनाया गया है। एक को पहले से ही जेवरात और नकदी चोरी के मामले में पकड़ा जा चुका है। शेष की तलाश की जा रही है। मामला इतने समय बाद क्यों दर्ज करवाया गया, यह भी जांच की जा रही है।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement