नई दिल्ली NOI :  राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बाद एनसीआर के इलाकों में भी गर्मी अपना पूरा असर दिखा रही है। दिल्ली-एनसीआर में भी रविवार जैसे हालात सोमवार को देखने को मिले। सोमवार का दिन भी गर्मी से झुलसाने वाला रहा। दिल्ली के कई इलाकों के साथ-साथ एनसीआर के कई शहरों में भी तापमान 44 डिग्री तक पहुंच चुका है। न्यूनतम तापमान भी सीमा से अधिक दर्ज किया जा रहा है। एनसीआर के शहर रेवाड़ी में सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 43.5 और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस था।

बावल स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय अनुसन्धान केंद्र में मौसम विभाग के अनुसार सोमवार का दिन इस मौसम का सर्वाधिक गर्म दिन रहा। इससे पहले रेवाड़ी का इन दिनों में इतना अधिक तापमान नहीं गया था। सुबह से ही आसमान साफ रहने और हवा की रफ्तार धीमी होने से धूप झुलसाने जैसी थी।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के बावल स्थित क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र के मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2017 से लेकर 2022 के दौरान 11 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस भी नहीं पहुंचा था। इस बार 28 मार्च को ही अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। 11 अप्रैल 2017 को अधिकतम 38 और न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस था। साल 2018 में अधिकतम 32.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस था। वर्ष 2019 को अधिकतम 38.5 न्यूनतम 20.5 था।

इससे पहले वर्ष 2020 को अधिकतम 37 और न्यूनतम 17.5 और 2021 में 11 अप्रैल को अधिकतम 39 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग के अनुसार 12 अप्रैल से हवाओं में बदलाव पश्चिमी से पूर्वी होने की संभावना है। इससे 13 व 14 अप्रैल को आंशिक बादल छाने के साथ अधिकतम तापमान में आंशिक कमी आने की उम्मीद है।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement