शेखपुरा NOI :  बिहार के शेखपुरा जिले में एक शख्‍स के कारनामे से उसका पूरा परिवार और गांव के लोग भी हैरान हैं। इस शख्‍स को कुल आठ संतानें हैं। चार लड़के और चार लड़कियां। इस बीच रमजान के महीने में उसने अपनी सारी संपत्ति कथित तौर पर अपने केवल एक बेटे के नाम पर ट्रांसफर कर दी। इस फैसले को लेकर शख्‍स की पत्‍नी ने मोर्चा खोल दिया है। महिला ने अपने पति के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए न्‍याय की गुहार लगाई है। 

विरोध करने पर पत्‍नी को मारपीट कर घर से बाहर निकाला 

आरोप है कि अरियरी थाना क्षेत्र के ककड़ार गांव में एक बाप ने अपनी आठ संतानों में से एक के नाम समूची संपत्ति लिख दी और जब अधेढ़ पत्नी ने इसका विरोध किया तब मारपीट कर पत्नी को घर से बाहर कर दिया। इसी घटना को लेकर पत्नी शहनाज बानो ने शेखपुरा के महिला थाने में पति अहमद मलिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शुक्रवार को दर्ज कराई गई प्राथमिकी पर पुलिस ने पीडि़ता का फर्द बयान कलमबंद करके मामले की प्रारंभिक जांच भी शुरू कर दी है। 52 साल की शहनाज बानो ने बताया उसकी शादी 35 वर्ष पूर्व अहमद मलिक के साथ हुई थी। दोनों के दांपत्य जीवन से आठ संतान हैं, जिसमें चार लड़का और चार लड़की है।

खाड़ी देश में नौकरी करता है पति, रमजान में आया है घर

पति कुछ वर्षों से खाड़ी के देश में वेल्डर की प्राइवेट नौकरी करता है। पति अभी रमजान की वजह से घर आया है। कुछ दिन पहले अहमद मलिक ने आठ में से सात संतानों को छोड़कर एक बेटे के नाम से समूची संपत्ति रजिस्ट्री कर दी। गांव के ही कुछ लोगों से इसकी जानकारी पत्नी शहनाज को मिली तब पति से इसका विरोध किया। इसके बाद पति ने शहनाज के साथ मारपीट की और बैंक का पासबुक तथा एटीएम कार्ड छीनकर घर से भी बाहर कर दिया। 

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement