Agra News: प्रेमिका से शादी न होने पर यमुना में कूदा 'सुल्तान', रातभर पुलिस रही परेशान, सुबह मिली चैन की सांस
आगरा, NOI : प्रेमिका से शादी न होने से वह परेशान था। स्वजन उसकी शादी के खिलाफ थे। इससे परेशान होकर बुधवार रात को युवक बल्केश्वर घाट पर यमुना में कूद गया। किनारे पर बैठे कुछ लोगों ने उसे देख लिया और पुलिस को सूचना दे दी। रात भर पुलिस और स्वजन उसकी गोताखोरों की मदद से तलाश कराते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह वह मोहल्ले में ही घूमता मिल गया। इसके बाद उसने जो कहानी पुलिस को बताई उससे सभी हैरान रह गए।
बल्केश्वर के रजवाड़ा निवासी 18 वर्षीय सुल्तान मोहल्ले की एक युवती से प्यार करता है। उसके भाई इस संबंध का विरोध करते थे। जबकि वह शादी की जिद कर रहा था। बुधवार को इसको लेकर भाइयों से उसका झगड़ा हुआ। कुछ देर बाद ही सुल्तान घर से बिना बताए चला गया। इसके बाद कुछ लोगों ने उसे यमुना में छलांग लगाते हुए देख लिया। पुलिस मौके पर पहुंची और स्वजन को भी बुला लिया गया। देर रात तक पुलिस और स्वजन गोताखोरों की मदद से तलाश कराते रहे। मगर, उसका कोई सुराग नहीं मिला। परेशान होकर देर रात पुलिस और स्वजन वापस हो गए।
गुरुवार सुबह सुल्तान मोहल्ले के पास ही घूमता हुआ मिल गया इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई। थाने में सुल्तान ने बताया कि स्वजन उसकी पसंद से शादी नहीं कर रहे थे। इसलिए वह गुस्सा होकर चला गया था और यमुना में छलांग लगा दी। यमुना से निकलते हुए किसी ने उसे नहीं देखा था। इसलिए सभी यही समझ रहे थे कि वह यमुना में डूबा हुआ है। जबकि वह थोड़ी देर बाद ही निकल कर वहां से चला गया था ।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.
0 Comments
No Comments