जयपुर NOI :-  राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक महिला ने अपनी बहू पर बेटे को धीमा जहर (स्लो पॉइजन) देकर मारने का आरोप लगाया है। 65 साल की महिला विमला देवी ने जयपुर के बजाज नगर पुलिस थाने में बहू के खिलाफ अपने बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस थाना अधिकारी शीशराम मीणा ने बताया कि शहर के करतारपुरा इलाके में रहने वाली विमाला देवी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उसका बेटा महेंद्र शर्मा नौसेना में सामग्री अनुसंधान प्रयोगशाला में व्हीकल आपरेटर के पद पर काम करता था।
मुंबई में कार्यरत रहते हुए उसकी साल, 2020 में शादी जयपुर के प्रतापनगर निवासी छाया से हुई थी। शादी के चार महीने बाद छाया को महेंद्र अपने साथ मुंबई ले गया। वहां महेंद्र की तबीयत बिगड़ गई। फोन पर बात करने के दौरान उसने कई बार अपनी मां को बताया कि वह परेशान रहता है। पत्नी हमेशा झगड़ा करती है। स्कूटी लेकर देर रात तक घूमती है। घर में अपने पुरुष दोस्तों को बुलाकर पार्टी करती है। पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्ट में कहा गया कि विमाला देवी ने 25 जनवरी,2021 को छाया को फोन कर बेटे की तबीयत के बारे में पूछा और मिलने के लिए मुंबई आने की बात कही। इस पर बहू ने मना कर दिया और कहा मैं खुद महेंद्र को जयपुर लेकर आ रही हूं। महेंद्र और छाया 31 जनवरी को जयपुर पहुंचे। छाया ससुराल आने के स्थान पर अपने मायके चली गई और महेंद्र को जयपुरिया अस्पताल में भर्ती करवा दिया । कुछ ही देर बाद महेंद्र की मौत हो गई। विमाला देवी का आरोप है कि वह डेढ़ साल से पुलिस थाने के चक्कर लगा रही थी। लेकिन बेटे की संदिग्ध मौत की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
बाद में उच्च अधिकारियों के दखल से दो दिन पहले रिपोर्ट दर्ज की गई। विमला देवी ने कहा कि उसे एक डायरी मिली है,जिसमें छाया द्वारा पास 3.80 लाख रुपये किसी धर्मेंद्र एवं रामसिंह के जरिए शराब का भुगतान करना लिखा है। छाया के मोबाइल में तरुण शर्मा नाम के लड़के के नंबर और अश्लील चैटिंग है। जिसके बारे में पूछने पर वह झगड़ा करने लगी। विमला देवी का आरोप है कि महेंद्र के एक करोड़ के ट्रम्प बीमा का भुगतान भी छाया ने ले लिया। उसने आरोप लगाया कि पैसे के लिए ही छाया ने महेंद्र को धीमा जहर दिया।मीणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement