कानपुर, NOI :- जाजमऊ में टेनरी खाली कराने को लेकर हुए बवाल में पुलिस ने भाजपा से निष्कासित पूर्व जिला मंत्री नारायण सिंह भदौरिया को छबीलेपुरवा तिराह से गिरफ्तार किया है। बवाल का वीडियो वायरल होने के बाद नारायण सिंह की पहचान हुई थी। पिछले वर्ष हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह को पुलिस अभिरक्षा से फरार करवाने के आरोप में भी उसे जेल भेजा गया था। जाजमऊ में शालीमार लेदर इंडस्ट्रीज के नाम से टेनरी है। उसपर कब्जे को लेकर केडीए कालोनी जाजमऊ निवासी शहनाज जहां और चमनगंज निवासी मोहम्मद आमिर के बीच विवाद चल रहा है। बुधवार रात टेनरी में ताला लगाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस के सामने लाठी- डंडे चले और पथराव हुआ था। मामले में चौकी प्रभारी ने जाजमऊ थाने में सपा विधायक मोहम्मद हसन रूमी के बेटे कामरान समेत 12 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमे गुरुवार को छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए थे, जिसमें भाजपा से निष्कासित पूर्व जिला मंत्री नारायण सिंह भदौरिया साफ दिखाई दे रहा था और उसके साथ राकी यादव भी था। नारायण और राकी पिछले वर्ष के-ब्लाक किदवई नगर स्थित गेस्ट हाउस के बाहर हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह को पुलिस अभिरक्षा से फरार कराने के मामले में चर्चित हुए थे। नौबस्ता पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। चर्चा है कि जाजमऊ की टेनरी खाली कराने का भी नारायण सिंह ने साथियों के साथ मिलकर ठेका लिया था।
एसीपी कैंट मृगांक शेखर ने बताया कि जाजमऊ टेनरी को लेकर हुए विवाद में गुरुवार को छह लोगों को जेल भेजा गया था। वीडियो में नारायण सिंह भदौरिया की पहचान होने के बाद मुकदमे में उसका नाम बढ़ाया गया। पुलिस टीम ने शनिवार सुबह जाजमऊ छबीलेपुरवा तिराहे से उसे गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की तलाश टीम संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement