भाजपा का मिशन 2024 शुरू, लोकसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे केंद्रीय मंत्री, गरीब के घर खाएंगे खाना
फतेहाबाद NOI :- भाजपा ने मिशन 2024 के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए प्रदेश के प्रत्येक लोकसभा में केंद्रीय मंत्रियों के प्रवास करवाए जाएंगे। जितने विधानसभा हलके जिले में होंगे, उतने ही दिन केंद्रीय मंत्री लोकसभा क्षेत्र में रहेंगे। इस प्रवास में केंद्रीय मंत्री संगठन से लेकर सरकारी अधिकारियों और मीडिया से भी रूबरू होंगे और अपना फीडबैक प्रदेश और केंद्रीय हाईकमान को देंगे।
इसी फीडबैक के आधार पर अगले लोकसभा चुनावों को लेकर ब्लूप्रिंट तैयार किया जाएगा। प्रदेश में केंद्रीय मंत्रियों के प्रवास योजना की पुष्टि भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा ने भी की है। ये संभावना जताई जा रही है कि फतेहबाद और सिरसा जिले के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत का नाम प्रवास के लिए फाइनल कर दिया गया है। औपचारिक सूची एक सप्ताह के अंदर जारी कर दी जाएगी।
तीन दिन दोपहर के लंच में संगठन, व्यापारिक संगठनों और कमजोर समुदाय परिवार के लोग होंगे शामिल
भारतीय जनता पार्टी के अंदरूनी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री के प्रवास के दौरान दोपहर का भोजन सबसे महत्वपूर्ण रहेगा। प्रवास के पहले दिन केंद्रीय मंत्री विभिन्न मोर्चों के नेताओं के साथ लंच करेंगे। खास बात ये है कि इस बैठक के लिए लंच कार्यकर्ताओं के घरों से टिफिन में पैक होकर आएगा।
दूसरे दिन व्यापारिक संगठनों के नुमाइंदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ लंच किया जाएगा। इसके अलावा तीसरे और अंतिम दिन कमजोर समुदाय के किसी परिवार के साथ केंद्रीय मंत्री दोपहर का भोजन करेंगे। बताया जा रहा है कि इसके लिए केंद्रीय मंत्री उनके घर पर जाकर भोजन कर सकते हैं।
नए मतदाता, आईटी सेल, संघ और मीडिया से जुड़े लोगों से करेंगे बातचीत
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री अलग-अलग दिन में नए मतदाताओं, युवाओं, आईटी सेल के सक्रिय सदस्यों, संघ या जनसंघ के पुराने नेताओं, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जिला कार्यालय पदाधिकारियों और मीडिया से जुड़े लोगों से बातचीत करेंगे। बातचीत का विषय लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी की तैयारी और सांसद का रिपोर्ट कार्ड हो सकता है।
पूरे प्रवास के दौरान इन अनिवार्य तथ्यों का ध्यान रखने के निर्देश
1. नमो एप इंस्टालेशन एवं सेल्फी विद मोदी बूथ के सभी कार्यक्रमों का हिस्सा होना चाहिए।
2. प्रवास में ‘मन की बात’ को शामिल किया जा सके, इस प्रकार कार्यक्रम बनाना है।
3. किसी महान स्वतंत्रता सेनानी से जुड़े किसी स्थान पर विजिट होनी चाहिए ।
4. 2 से तीन विधानसभा मुख्यालय अवश्य कवर होने चाहिएं।
केंद्रीय मंत्री के प्रवास को लेकर हमारी तैयारियां पूरी हैं। फतेहाबाद-सिरसा के लिए संभावित तौर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत होंगे। औपचारिक सूची आने के बाद ही इस बारे में कुछ कहा जा सकता है। फतेहाबाद जिले में चूंकि तीन हलके हैं, इसलिए यहां तीन दिन का प्रवास रहेगा। इस दौरान वो विभिन्न संगठनों व पार्टी संगठन से जुड़े लोगों से मुलाकात करेंगे।’
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.
0 Comments
No Comments