नई दिल्ली, NOI :- द्वारका साउथ थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जिसमें शामिल महिला पहले दुष्कर्म की झूठी शिकायत करती थी और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर मामला वापस लेने के एवज में उगाही करती थी। आरोपित महिला अलग अलग नाम से तीन थाना इलाके में दुष्कर्म की झूठी शिकायत कर चुकी है।

पुलिस ने आरोपित महिला के कब्जे से एक फर्जी आधार कार्ड बरामद किया है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन ने बताया कि 22 जून को एक महिला ने द्वारका साउथ थाने में सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत की। शिकायत में उसने बताया कि तीन लोगों ने नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है।

एसीपी मदन लाल मीणा की देखरेख में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आशीष कुमार दुबे के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर रितु व हेड कांस्टेबल परवीण की टीम ने जांच शुरू की। शिकायतकर्ता ने अपने पते के प्रमाण के रूप में एक मतदाता पहचान पत्र दिया। लेकिन पीड़िता अपना घर नहीं दिखाना चाहती थी। पुलिस स्थानीय स्तर पर जांच की, जिसमें महिला का पता गलत पाया गया। संदेह होने पर पुलिस ने शिकायतकर्ता के मतदाता पहचान पत्र का चुनाव आयोग से सत्यापन कराया।

जांच में मतदाता पहचान पत्र फर्जी निकला। छानबीन के दौरान ही पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपितों से घटना के बारे में पूछताछ की और इनके मोबाइल नंबरों की लोकेशन व सीडीआर खंगाली। पता चला कि आरोपित कभी भी शिकायतकर्ता के बताए जगह पर आए ही नहीं। पुलिस ने यह भी पाया कि महिला ने जहां दुष्कर्म किए जाने की बात कही है, वहां वह गई ही नहीं थी।

शिकायतकर्ता के मोबाइल की जांच में पता चला कि उसका मोबाइल नंबर दूसरे नाम और पते पर पंजीकृत है। इसके बारे में पूछने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई। जांच में एक नया तथ्य सामने आया कि आराेपित महिला सीमापुरी थाने में अपने असली नाम से सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज करवा चुकी है। केवल सीमापुरी ही नहीं पता चला कि इसने हरियाणा के कोंडली व सोनीपत में भी इसी तरह की सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया है।

इसके बाद द्वारका साउथ थाने की पुलिस ने महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित महिला से पूछताछ करने पर पता चला कि महिला एक अन्य महिला और अन्य लोगों के साथ सेक्सटार्शन गिरोह में शामिल है। उसके पास से अलग-अलग ब्योरे वाले जाली आधार कार्ड बरामद किए गए। पुलिस अन्य आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement