पटना NOI :-  बिहार के राजगीर, गया और बोधगया के लोगों का एक बड़ा सपना पूरा होने जा रहा है। गर्मियों में पेयजल के लिए परेशान होने वाले वहां के लोगों के घरों में अब पाइप के माध्यम से गंगा जल मिलेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) की कोशिश से जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत गंगाजल आपूर्ति योजना के तहत अब गंगा यहां तक आ रही है। मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार गया के तेतर जलाशय (Tetar Reservoir) में गंगा जल के एकत्रीकरण का शनिवार को आरंभ करेंगे।

मोकामा से बोधगया तक 515 किमी पाइपलाइन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजक्‍ट 'जल-जीवन-हरियाली अभियान' के अंतर्गत गंगाजल आपूर्ति योजना पर काम अंतिम चरण में है। गंगा जल के एकत्रीकरण के लिए तेतर जलाशय और गया-बोधगया जलापूर्ति योजना के काम करीब-करीब पूरा हो चुका है। गंगाजल लाने के लिए हाथीदह-मोकामा से मोतनाजे नवादा तक 85 किलोमीटर, मोतनाजे से तेतर 23 किलोमीटर, मानपुर 28 किलोमीटर, कुल 151 किलोमीटर तय कर मोकामा से बोधगया तक पाइप लाइन बिछाई गई है।

राजगीर में जमा पानी आगे किया जाएगा पंप

गंगा जलापूर्ति योजना के तहत गंगाजल को राजगीर में निर्मित 78500 क्यूबिक मीटर क्षमता वाले आरसीसी  टैंक में जमा किया जाएगा। यहां पंप हाउस भी है। मोकामा के मरांची स्थित इनटेक वेल व पंप हाउस से राजगीर के टैंक में पाइपलाइन के माध्यम से जल भंडारण किया जाएगा। इस पंप हाउस से गया के तेतर जलाशय के लिए तीन, राजगीर शहर के जल-शोधन संयंत्र के लिए तीन, राजगीर जलाशय के लिए तीन पंप लगाए गए हैं। नवादा जल शोधन संयंत्र के लिए भी दो पंप लगाए गए हैं। एक-एक पंप स्टैंड बाय भी हैं।

पूरे साल लोगों को मिलेगा घर-घर पेयजल

तेतर जलाशय के पंप का डिस्चार्ज प्रति पंप 0.152 क्यूसेक है। पंप की क्षमता 23.151 किलोवाट है। राजगीर जल शोधन संयंत्र का डिस्चार्ज प्रति पंप 0.525 क्यूसेक तो पंप की क्षमता 231 किलोवाट है। इनके माध्यम से आठ महीने जल की आवश्यकता के लिए जलाशयों के भंडारण अथवा चार महीने घरेलू जल की आवश्यकता के अनुरूप जल शोधन संयंत्र में सीधे पंपिंग की जाएगी। इनसे पूरे साल लोगों को पेयजल मिलता रहेगा।

अक्‍टूबर में सीएम नीतीश करेंगे उद्घाटन

गया के मानपुर स्थित अबगिल्ला में 1.0 एमसीएम जल भंडारण के लिए आरसीसी टैंक जलाशय का निर्माण कराया गया है। साथ ही गया-बोधगया जल शोधन संयंत्र का निर्माण भी किया गया है। राजगीार शहर में जलापूर्ति के लिए घोड़ाकटोरा झील व पंचाने नदी के बीच राजगीर जलाशय का निर्माण कराया गया है। गंगा जलापूर्ति की पूरी योजना के पूरा होने के बाद मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार इसी महीने के अंतिम सप्‍ताह में इसका उद्घाटन करेंगे। इसके साथ राजगीर, गया व बाेधगया में घर-घर गंगाजल पहुंचने लगेगा।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement