नई दिल्ली, NOI :- आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बृहस्पतिवार को तय कार्यक्रम के मुताबिक, दिल्ली नगर निगम की गाजीपुर लैंडफिल साइट पर पहुंचे। इस मौके पर अरविंद केजरीवाल के निशाने दिल्ली नगर निगम में सत्तासीन भाजपा रही। उन्होंने कहा कि इस बार दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 सफाई व्यवस्था पर होगा। 

दिल्ली में भाजपा जीरो हो जाएगी


पूर्वी दिल्ली स्थित गाजीपुर स्थित कूड़े के पहाड़ का दौरा करने गए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि दिल्ली में भाजपा भी कांग्रेस की तरह जीरो हो जाएगी। बोले मैं जादूगर हूं, लोगों का दिल जीतना जनता हूं। इस बार का निगम चुनाव सफाई व्यवस्था पर होगा। 

भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा- देश के लिए वोट दो


इस मौके पर हंगामा कर रहे भाजपा के समर्थकों से कहा कि थोड़ा सोचो। भाजपा ने दिल्ली को गंदगी और कूड़े के पहाड़ों के सिवाय क्या दिया? एक बार अपनी पार्टी भूलकर देश के लिए वोट दो।

वहीं, इससे पहले सीएम अरविंद केजरीवाल का काफिला रॉन्ग साइड से आया, क्योंकि दूसरी तरफ भाजपा-AAP कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन चल रहा है। फिलहाल AAP और भाजपा कार्यकर्ता एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं, जिससे यूपी गेट के आसपास ट्रैफिक जाम लग गया है। इस बीच सूचना पर पहुंची दिल्ली पुलिस हालात को काबू करने में जुटी हुई है।

भाजपा-AAP कार्यकर्ताओं ने लगाए एक-दूसरे के खिलाफ नारे


जागरण संवाददाता के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ताओं के गाजीपुर लैंडफिल साइट पर होने की जानकारी मिलने पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। जहां गाजीपुर लैंड फिल साइट के पास पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता  'अरविंद केजरीवाल वापस जाओ' के नारे लगा रहे हैं, वहीं अब AAP कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। 

बैरिकेडिंग से सर्विस रोड जाम


फिलहाल में गाजीपुर में भाजपा और AAP कार्यकर्ता आमने सामने हैं। हालात के मद्देनजर यहां पर भारी पुलिस बल तैनात है। एनएच-9 की सर्विस रोड पर बैरिकेडिंग भी कर दी गई है, इससे एनएच-9 और उसकी सर्विस रोड पर जाम है

यहां पर बता दें कि बृहस्पतिवार को गाजीपुर लैंडफिल साइट पर पहुंचने की जानकारी खुद सीएम अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को ट्वीट कर दी थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि भाजपा के एक नेता से मैंने पूछा कि 15 साल में नगर निगम में क्या काम किया। शर्माते हुए उसने दो काम बताए, पहला तीन बड़े-बड़े कूड़े के पहाड़ बनाए है और दूसरा पूरी दिल्ली को कूड़ा-कूड़ा कर दिया। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया था कि बृहस्पतिवार सुबह इनका गाज़ीपुर वाला कूड़े का पहाड़ देखने जाऊंगा, आप भी आइएगा।

भाजपा जो चाहे कर ले, जनता AAP को ही जिताएगी


अरविंद केजरीवाल इससे एक दिन पहले बुधवार को पत्रकार वार्ता में दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 को लेकर मीडिया के पूछे सवाल का जवाब देते हुए कहा कि हम चुनाव के लिए तैयार हैं। इन लोगों ने चुनाव टालने के बहुत प्रयास किए। गलत तरीके से परिसीमन किया। ये चाहे जो कर लें, लेकिन दिल्ली की जनता इन्हें नकारने वाली है। ये लोग कई तरह के प्रयास करेंगे।

जनता की इच्छा को दबा नहीं सकते


अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आसुरी शक्तियां हमेशा सच और ईमानदारी को दबाने की कोशिश करती हैं। ये सब आसुरी शक्तियां हैं, जो हमारे खिलाफ एकजुट हो गई हैं, लेकिन ये जनता को दबा नहीं सकतीं। दिल्लीवासियों ने देखा कि आप की सरकार को स्कूल-अस्पताल की जिम्मेदारी मिली, तो उन्हें अच्छा कर दिया। अब लोग कह रहे हैं कि हम दिल्ली की सफाई की जिम्मेदारी भी आप को देंगे। जनता मन बना चुकी है। ये जनता की इच्छा को नहीं दबा सकते।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement