Kanpur Politics News: सांसद का सत्यदेव पचौरी ने किया तंज, बोले- बैठकों से नहीं योजनाओं से होता विकास
कानपुर, NOI :- विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की समग्र विकास को लेकर बुलाई गई बैठक का विवाद भाजपा में खत्म नहीं हो रहा है। शनिवार को भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी ने विधानसभा अध्यक्ष का नाम लिए बिना कहा कि विकास बैठकों से नहीं योजनाओं से होता है और शहर के विकास के लिए मोदी-योगी की डबल इंजन सरकार ने बहुत सारी योजनाएं दी हैं। अकबरपुर के भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने भी उनकी बात का समर्थन किया है। दूसरी बार स्थानीय संगठन ने शहर में इस विवाद से पार्टी की खराब हो रही छवि को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व से जल्द हस्तक्षेप करने के लिए कहा है।
16 नवंबर को यह विवाद शुरू हुआ था, जब सांसद पचौरी और भोले ने विधानसभा अध्यक्ष की बैठक में शामिल होने से मना करते हुए बैठक को निरस्त करने के लिए कहा था। इसके बाद मिश्रिख के सांसद अशोक रावत भी दोनों सांसदों के साथ आ गए थे। 18 नवंबर को बैठक तो हुई लेकिन तीनों सांसद नहीं आए। वहीं भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी और सपा विधायक इरफान सोलंकी को छोड़कर बैठक में सभी विधायक शामिल रहे। बैठक ने यह भी तय कर दिया कि भाजपा में जो प्रदेश से जुड़े हैं वो एक तरफ हैं और जो केंद्र से जुड़े हैं वो दूसरे पाले में खड़े हैं। पार्टी नेताओं के मुताबिक इसके पीछे आने वाले लोकसभा चुनाव में टिकट की दौड़ भी है।
शनिवार को भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी परमट में आनंदेश्वर मंदिर कारिडोर का निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां पत्रकारों से कहा कि विकास बैठकों से नहीं योजनाओं से होता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य पहले से हो रहे हैं। एयरपोर्ट बन रहा है। एलीवेटेड रेलवे ट्रैक बनने जा रहा है। रिंग रोड भी शुरू होने वाली है। उनके मुताबिक मोदी-योगी की डबल इंजन की सरकार ने शहर के विकास के लिए जितना काम किया, उतना कभी नहीं हुआ। प्रदेश सरकार शहर के लिए विकास के लिए लगातार योजनाएं दे रही है। स्मार्ट सिटी अपने आप में बड़ा प्रोजेक्ट है।
दूसरी ओर सांसद भोले ने कहा कि अभी 15 नवंबर को हम दोनों रेल मंत्री से मिले थे। एलीवेटेड रूट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट फाइनल हो गई है। 16 को बीआइसी के कर्मचारियों के लिए उद्योग व वाणिज्य मंत्री से मिले थे। एयरपोर्ट की बैठक हम करते रहते हैं। सत्यदेव पचौरी ने जो कहा, उससे सहमत हूं। इसके आगे बढ़ते हुए उन्होंने अपने लिए कहा कि वह सांसद के रूप में अपना काम करें, अधिकारी अपने दायित्व का निर्वहन करें और किसी का नाम लिए बिना कहा कि जो भी व्यक्ति हैं वह संवैधानिक रूप से अपना काम करें। योगी मोदी के नेतृत्व में विकास हो रहा है और हम उस विकास के साथ हैं।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.






0 Comments
No Comments