Delhi MCD Election में सत्ता मिली तो AAP सबसे पहले करेगी ये 7 काम, राघव चड्डा ने विशेष बातचीत में बताया
नई दिल्ली, NOI :- दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए प्रचार चरम पर पहुंच चुका है। सभी प्रमुख राजनीितक दलों के साथ कदमताल करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) भी चुनाव जीतने के लिए जी-जान लगा रही है। पार्टी के सभी स्टार प्रचारक पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में सड़कों पर जमकर पसीना बहा रहे हैं। AAP ने चुनाव के लिए क्या रणनीति तैयार की है? इस चुनाव में क्या प्रमुख मुद्दे हैं? दिल्ली की जनता किस बात पर किसके पक्ष में वोट करेगी? इन सब मुद्दों पर वी के शुक्ला ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा से बात की।
भाजपा लगातार भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाकर आप को घेर रही है? इस संबंध में क्या कहेंगे?
-आप किस भाजपा की बात कर रहे हैं? भाजपा के तो डीएनए में ही भ्रष्टाचार है। देश की जिस किसी भी राज्य में भाजपा की सरकार है, वहां यह भ्रष्टाचार की तमाम सीमाएं लांघ चुकी है। केवल दिल्ली नगर निगम की बात करें तो 15 वर्ष में भाजपा ने सत्ता में रहकर उनके पार्षदों ने दिल्ली को साफ-सफाई, कालोनियों में सड़क निर्माण से लेकर लेंटर पड़ने तक में मोटी मलाई काटी है। दिल्ली नगर निगम का ऐसा कोई विभाग नहीं है, जहां भ्रष्टाचार का घुन न लगा हो।
भ्रष्टाचार दूर करने का क्या आम आदमी पार्टी के पास कोई उपाय है?
भ्रष्टाचार को दूर करने की दवा सिर्फ अरविंद केजरीवाल के पास है। इसे वही दूर सकते हैं, और कोई भी इसे खत्म नहीं कर सकता है। इसके लिए ईमानदारी वाला डीएनए होना चाहिए, तभी भ्रष्टाचार दूर होगा। अरविंद केजरीवाल ही इकलौते नेता हैं, जो देश में कहीं भी अपनी छाती तानकर खड़े होकर कहते हैं कि मैं कट्टर ईमानदार हूं।
दिल्ली नगर निगम के लिए आम आदमी पार्टी का मूल मंत्र क्या है?
-देखिए, आप का मूल मंत्र है ‘काम किया है, काम करेंगे’, जबकि भाजपा का मंत्र है ‘बदनाम किया है, बदनाम करेंगे’। ये लोग सिर्फ बदनाम करने में विश्वास रखते हैं और हम काम करने में विश्वास रखते हैं। आज जनता के सामने दो विकल्प हैं- एक ओर भाजपा के 10 फर्जी स्टिंग आपरेशन हैं, तो दूसरी तरफ है अरविंद केजरीवाल की निगम की 10 गारंटी। जनता को केजरीवाल का काम चुनना है या भाजपा की 10 स्टिंग आपरेशन। मुझे लगता है कि जनता केजरीवाल के 10 कामों को चुनेगी। आज भाजपा का पूरा तंत्र इसमें लगा हुआ है कि निगम चुनाव मुद्दों पर न लड़ा जाए, बल्कि यह चुनाव सत्येंद्र जैन के वीडियो, फर्जी स्टिंग या फर्जी आडियो पर हो
भाजपा कहती है कि 15 वर्ष में बहुत काम किया है और भी काम करेगी। आप किस तरह कहते हैं कि भाजपा ने काम नहीं किया है?
-इन्होंने जो कुछ किया है, जनता देख रही है। दिल्ली की जनता भाजपा के 15 वर्ष का हिसाब मांगती है। इस दौरान भाजपा शासित नगर निगम ने अपनी नाकामी के कई उदाहरण दिल्ली को दिए हैं, जैसे- कूड़े के पहाड़। मुझे लगता है कि दुनिया के इतिहास में सबसे बड़ी भ्रष्ट संस्था, जिसकी हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में भी चर्चा होती है कि इतनी बड़ी सरकारी संस्था कैसे भ्रष्ट हो सकती है। आज स्थिति यह है कि अगर निगमायुक्त को भी घर बनवाना हो या लेंटर डलवाना हो, तो उन्हें भी रुपये देने पड़ेंगे। निगम ने दिल्ली को गंदगी की राजधानी बना दिया है। l
निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी की प्राथमिकताएं क्या हैं?
-एमसीडी में आते ही हम सात सात काम करेंगे। पहली- कूड़ा और गंदगी पूरी तरीके से साफ करेंगे। दिल्ली देश की राजधानी है, इसे हम पूरे तरीके से भारत का गहना बनाएंगे। दिल्ली को पूरी तरह से सुंदर बनाएंगे। निगम से भ्रष्टाचार को खत्म कर देंगे। सफाईकर्मियों का वेतन समय पर मिलेगा। सड़कों को हम पीडब्ल्यूडी की सड़कों की तरह बनवाएंगे। एमसीडी से व्यापारियों का शोषण बंद होगा। कन्वर्जन टैक्स, रेगुलाइजेशन चार्जेज, दुकानों की सीलिंग बंद होगी। रेहड़ी-पटरी वालों को वेंडिंग जोन बनाकर उनको व्यापार करने के लिए बढ़िया व्यवस्था बनाई जाएगी। निगम के पार्कों को दुरुस्त किया जाएगा।
गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी का क्या आकलन है?
-कांग्रेस 27 वर्ष में भाजपा को नहीं हरा सकी और लोगों को लगता है कि वह इस बार चुनाव में भी हिस्सा नहीं ले रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप राज्य में भाजपा के वोट शेयर को पीछे छोड़ देगी। इस बार कांग्रेस दौड़ में नहीं है। कांग्रेस को इस बार पांच-सात से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी। इस बीच भाजपा का वोट शेयर तेजी से गिर रहा है। बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा महत्वपूर्ण चुनावी मुद्दे हैं। आप इन्हीं मुद्दों पर बोलती रही है। ये ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर न तो भाजपा और न ही कांग्रेस बात करती है
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.
0 Comments
No Comments