गाजियाबाद, NOI :- लिंक रोड थाना क्षेत्र के रामप्रस्थ में दिनदहाड़े घर में चोरी करने घुसे पूर्व कर्मी को मकान मालिक ने दबोच लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की। उपचार के बाद उसे जेल भेज दिया।

रामप्रस्थ में खेल प्रशिक्षक सन्नी शर्मा बुजुर्ग पिता सुखदेव शर्मा के साथ रहते हैं। सुखदेव शर्मा लकवा से पीड़ित हैं। उनकी देखभाल के लिए सतीश को रखा है। सोमवार दोपहर करीब एक बजे सतीश छत पर बने बाथरूम में गया तो उसके होश उड़ गए। उसमें एक युवक सलवार सूट पहने बैठा था।

सतीश ने बताई पूरी बात


उसके हाथ में लोहे की करीब ढाई फीट लंबी राड व बैग था। वह सतीश को धक्का देकर छत से नीचे कूद गया। सतीश ने शोर मचाया। सन्नी भी छत पर आ गए। सतीश ने उन्हें पूरी बात बताई। दोनों नीचे गए। घर के पीछे करीब सौ मीटर की दूरी पर सलवार सूट पहनकर उनके घर में घुसा युवक कार के नीचे छिपा मिल गया। उसे देखकर सन्नी चौंक गए।

वह उनके यहां पूर्व में काम करने वाला मुकुंदपुर आदर्श नगर, दिल्ली का ललित बहादुर था। छत से कूदने से उसका पैर टूट गया था। इस वजह से भाग नहीं पाया था। सन्नी ने उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।

दो माह पहले काम से निकाला था


सन्नी ने बताया कि ललित को उन्होंने वर्ष-2020 में पिता की देखभाल के लिए रखा था। अगस्त में उनके यहां करीब एक लाख रुपये की चोरी हुई थी। उस पर आशंका होने पर उसे काम से निकाल दिया था। उन्होंने बताया कि उसके हाथ में राड थी। इससे उन्हें लग रहा है कि चोरी के अलावा व पापा या उन्हें मारने आया था।

तीन दिन से घर में घुसने की कर रहा था कोशिश


सन्नी ने बताया कि तीन दिनों से रात में उन्हें घर के बाहर से ग्रिल आदि काटने की आवाजें आती थीं। उन्होंने उसे नजरअंदाज कर दिया था। सोमवार को जब यह घटना हुई तो उन्होंने देखा कि किचन की खिड़की की ग्रिल कटी है।

उन्होंने कहा कि ललित बहादुर ही ग्रिल काटकर घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने बताया कि ललित करीब 24-25 साल का दुबला-पतला आदमी है। उनका मकान एक मंजिल का है। पीछे की ओर गैस की पाइप लाइन है। वह उसे पकड़कर ही छत पर चढ़ा था।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement