कानपुर, NOI :- बांग्लादेशी नागरिक रिजवान मोहम्मद को लेकर जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले तथ्य सामने आते जा रहे हैं। खुफिया सूचनाओं और रिजवान के मोबाइल नंबर की सीडीआर से पता चला है कि बांग्लादेश से आने के बाद वह पूरे देश में घूम रहा था। दिल्ली और गुजरात की बार-बार यात्राओं ने जांच एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ी सूचना यह है कि रिजवान चार महीने पहले ही पाकिस्तान गया था।

बता दें, कानपुर में अवैध दस्तावेजों के साथ रह रहा बांग्लादेशी नागरिक रिजवान साल 2016 में परिवार के साथ बंगाल के रास्ते बांग्लादेश से भारत आ गया था। पुलिस को रिजवान के मोबाइल नंबर की सीडीआर मिल गई है, जिससे साफ हुआ है कि कानपुर में रहने के दौरान छह सालों में उसने भारत के कई राज्यों का दौरा किया। मुख्य रूप से उसके गुजरात के सूरत शहर और दिल्ली बार-बार जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा वह कोलकाता, मुंबई, नागपुर, भोपाल, चेन्नई, जम्मू आदि लगभग डेढ़ से दो दर्जन शहरों में गया। वहीं दिल्ली के साथ कोलकाता भी जाएगी जांच टीम।

भारत भ्रमण के अलावा पाकिस्तान भी गया था रिजवान


रिमांड के बाद ही सामने आएगा कि आखिर वह किन कार्यों के चलते इन शहरों में गया था। इसके अलावा एक बड़ी जानकारी यह मिली है कि वह चार महीने पहले ही पाकिस्तान गया था। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह किस पासपोर्ट और वीजा पर पाकिस्तान गया और इसके लिए क्या प्रक्रिया अपनाई गई। पुलिस को शक है कि उसने पाकिस्तान की यात्रा भारतीय पासपोर्ट से ही की होगी। हालांकि, अब तक उसका भारतीय पासपोर्ट पुलिस को नहीं मिला है।

जेल में रिजवान की पत्नी हिना से मिले वकील


रिजवान का हिना से 2754 मस्जिद वाली गली चौक शाहगंज दिल्ली में निकाह हुआ था, जिसका पुलिस को एक नोटरी प्रमाण पत्र मिला है। इसमें हिना को इस पते पर प्रमाणित किया गया है। वहीं, पुलिस को बेटे का द पार्थ इंग्लिश स्कूल 115 पार्क स्ट्रीट कोलकाता का स्थानांतरण प्रमाण पत्र भी मिला है। छानबीन में सामने आया है कि रिजवान क्लब जाने, महंगे मोबाइल और परफ्यूम का शौकीन है। सुरक्षा के मद्देनजर कारागार में बिना खुफिया को सूचना दिए रिजवान से मिलने की किसी को भी अनुमति नहीं है।

बैंक खातों की पड़ताल से खुलेगा रिजवान का राज

कानपुर में अवैध रूप से रह रहे रिजवान मोहम्मद प्रकरण में पुलिस ने उसके और उसके परिवार के बैंक खातों की पड़ताल भी शुरू कर दी है। चार बैंकों में छह खातों की जानकारी पुलिस को मिली है। बुधवार को एसआइटी की ओर से इन बैंकों को नोटिस जारी करते हुए संबंधित खातों की जानकारी मांगी गई है। मूलगंज पुलिस ने तीन दिन पहले बांग्लादेशी नागरिक परिवार के मुखिया रिजवान, उसके ससुर खालिद, पत्नी हिना, बेटी रुकसार और 17 के साल के बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मंगलवार को परिवार के सबसे छोटे बेटे को बाल संरक्षण गृह भेज दिया। पुलिस रिजवान से जुड़े लोगों तक पहुंचना चाहती है, इसके लिए परिवार के मोबाइल फोन नंबर को सर्विलांस पर लेकर उनकी सीडीआर निकलवाई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक इस परिवार के चार बैंकों में खाते मिले हैं। रिजवान की पत्नी हिना के इंडसइंड बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और एचडीएफसी बैंक में खातों का पता चला है। बेटी रुकसार व ससुर खालिद के भी इंडसइंड बैंक में खाते हैं। वहीं, ससुर खालिद का एक खाता केनरा बैंक में भी है। इस तरह से चार बैंकों में इस परिवार के छह खातों के बारे में जानकारी सामने आई है। हालांकि, रिजवान का कोई बैंक खाता अब तक सामने नहीं आया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि खाता नंबरों की जानकारी देते हुए बैंकों को नोटिस दी गई है। खाता खुलने से लेकर अब तक के लेनदेन की सूचना मांगी गई है। एक-दो दिन में जानकारी मिल जाएगी।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement