दिल्ली के बाद आगरा में हाईवे पर झकझोरने वाली घटना, रात भर शव रौंदती रहीं गाड़ियां, सड़क से चिपकीं हड्डियां
आगरा, NOI :- दिल्ली में युवती को कार सवारों द्वारा 11 किलोमीटर तक घसीटने की रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद आगरा में नववर्ष के पहले दिन लोगों को झकझोरने वाली दर्दनाक दुर्घटना हुई।सिकंदरा हाईवे पर हादसे में मृत अज्ञात राहगीर के शव को हाईवे पर दौड़ते तेज रफ्तार वाहन रात भर रौंदते रहे। शव पर से वाहनों के गुजरने से वह टुकड़ों में बंट गया।
हाईवे पर 100 मीटर तक शव के चिथडे बिखर गए। मरने वाले के कपड़ों में कुछ हड्डियां बची थीं। सोमवार की सुबह वहां से गुजरने वाले राहगीरों ने हाईवे पर फैले क्षत-विक्षत शव के टुकड़ों को देखा तो उनके रोंगटे खड़े हो गए। इसकी जानकारी पुलिस को दी।
मथुरा-आगरा हाईवे पर पड़ा रहा शव
सिकंदरा हाईवे पर रुनकता में कीठम झील के सामने नव वर्ष के पहले दिन अज्ञात वाहन की चपेट में आकर राहगीर की मौत हो गई। मथुरा से आगरा आने वाले हाईवे पर उसका शव पड़ा रहा। इस दौरान मथुरा की ओर से आने वाले छोटे-बड़े वाहन रात भर शव को रौंदते रहे।
100 मीटर तक क्षत-विक्षत शव टुकड़ों में बिखरा दिखाई दिया
सोमवार की सुबह करीब सात बजे आसपास ढाबों पर काम करने वाले कुछ लोग वहां से निकलते तो उन्हें सड़क पर करीब 100 मीटर तक क्षत-विक्षत शव टुकड़ों में बिखरा दिखाई दिया। दृश्य देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए। मरने वाले की हड्डियां चकनाचूर हो गई थीं। वह मांस के साथ सड़क पर चिपक गई थीं। मरने वाले के शरीर पर पहने कपड़े तार-तार हो चुके थे। उनके कुछ हिस्साें को देखकर यह अनुमान लगाया जा सका कि वह पुरुष था।
कोहरे में किसी ने नहीं दिखाई संवेदनशीलता
हाईवे पर रात में घना कोहरा पड़ रहा था। अनुमान है कि मरने वाला घने कोहरे के चलते तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गया होगा। मगर, हादसे के बाद हाईवे से गुजरते किसी वाहन चालक ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई। उन्होंने वाहन को रोक कर शव को सड़क से हटाने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना नहीं दी। यदि कंट्रोल रूम को सूचना दी होती तो शव की इतनी दुर्गति नहीं होती।
शव को उठाने की समस्या
पुलिस के सामने शव को उठाने की समस्या आई। वह छोटे-छोटे टुकड़ों में करीब 100 मीटर तक बिखरा हुआ था। जिसके चलते पुलिस काे शव के टुकड़ों को एकत्रित करने में काफी दिक्कत हुई।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.
0 Comments
No Comments