Prayagraj News: चाय बनाने के लिए माचिस की तीली सुलगाते ही मकान में धमाका, गैस रिसाव से छत ध्वस्त- महिला झुलसी
प्रयागराज, NOI :- प्रयागराज जिले के धूमनगंज इलाके के झलवा में इंडियन ऑयल डिपो के सामने मकान में जबरदस्त धमाका हुआ। कमरे में जाकर महिला ने चाय बनाने के लिए ज्यों ही माचिस की तीली सुलगाई, आग का भभका उठा और विस्फोट हो गया। महिला के कपड़े में आग लगी तो वह बाहर की ओर भागी। धमाके में कमरे की दीवारों में दरार पड़ी और छत ध्वस्त हो गई। फायर ब्रिगेड और फोरेंसिक टीम ने जांच के बाद दावा किया कि गैस चूल्हे से रिसाव की वजह से कमरे में भरी गैस में धमाका हुआ था।
चाय बनाने के लिए माचिस की तीली सुलगाते ही हुआ धमाका
इंडियन ऑयल गेट नंबर एक के सामने उत्तम पटेल का मकान है। वह पत्नी, बेटे संग बेसमेंट में बने दो कमरों में रहते हैं। कमरे के ऊपर दुकान किराए पर दी है, जिसमें रेस्टोरेंट खुला है। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे उत्तम ब्रश कर रहे थे। बेटा नयन रिश्तेदार को देखने अस्पताल गया था। तभी उत्तम की पत्नी 48 वर्षीय सुदामा देवी किचन वाले कमरे में चाय बनाने गईं। उन्होंने दरवाजा खोलने के बाद गैस चूल्हे के पास जाकर जैसे ही माचिस की तीली सुलगाई, तेज धमाका हुआ। आग भी फैली। सुदामा देवी के कपड़ों में आग लग गई। चीखते हुए वह दूसरे कमरे की तरफ भागीं। उत्तम ने जैसे-तैसे आग बुझाई।
विस्फोट से दहल उठे आसपास के लोग
आसपास के लोग विस्फोट से दहल गए। घर के बाहर भीड़ लगी तो धूमनगंज थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस को मौके पर समझ नहीं आ रहा था कि धमाका कैसे हुआ। दो गैस सिलेंडर सही सलामत थे। पुलिस ने देखा कि गैस चूल्हे का नाब आन है, यानी गैस निकल रही थी। सिलेंडर का रेग्यूलेटर भी खुला था। एसीपी धूमनगंज एनएन सिंह के मुताबिक फायर ब्रिगेड और फोरेंसिक टीम इस नतीजे पर पहुंची कि रात में चूल्हे का नाब खुला रहने से गैस रिसती रही। लोहे का दरवाजा बंद होने से गैस कमरे में भर गई। सुदामा देवी ने तीली सुलगाई तो धमाका हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.






0 Comments
No Comments