नई दिल्ली, NOI : प्यार, दोस्ती और शादी ऐसा विषय है, जिसे अलग-अलग कहानियों में गूंथकर पर्दे पर पेश किया जाता रहा है, लेकिन इसकी कशिश कम नहीं होती। प्राइम वीडियो की वेब सीरीज जी करदा की सारी थीम इन्हीं तीन शब्दों के इर्द-गिर्द घूमती है।

सीरीज मुख्य किरदारों के जरिए दोस्ती और प्यार के बीच फर्क करने वाली मही लाइन को खोजने की कोशिश करती है। कई बार यह लाइन इतनी बारीक होती है कि फर्क करना बड़ा मुश्किल होता है, मगर जब एहसास होता है कि जिसे प्यार किया, जरूरी नहीं शादी भी उसी से की जाए या कोई बहुत ख्याल रखता है तो जरूरी नहीं कि वो शादी के लिए निमंत्रण है। 

जी करदा, ऐसी ही जज्बाती उलझनों की हल्की-फुल्की दास्तां है, जो अपने कथानक को बहुत बोझिल नहीं होने देती।

क्या है 'जी करदा' सीरीज की कहानी?

यह उम्र के तीसरे दशक में पहुंच चुके सात दोस्तों की कहानी है, जो बचपन से एक-दूसरे के साथ हैं। स्कूल-कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने-अपने व्यावसायों में बिजी हैं। कहानी मुख्य रूप से तमन्ना भाटिया के किरदार लावण्या और सुहेल नैयर के किरदार ऋषभ के इर्द-गिर्द घूमती है।

अपने दोस्तों समीर और शीतल की तीसरी वेडिंग एनिवर्सरी पर ऋषभ, लावण्या को शादी के लिए प्रपोज कर देता है। बस यहीं से लावण्या का असमंजस शुरू होता है। वो समझ नहीं पाती कि ऋषभ से वो शादी करना चाहती है या नहीं? यह कन्फ्यूजन तब है, जबकि दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहते हैं।

लावण्या का झुकाव अर्जुन की ओर है, जो उसके असमंजस की बड़ी वजह भी है। जैसे-जैसे शादी की तारीख नजदीक आती है, इन दोनों के बीच ऐसी समस्याएं आने लगती हैं, जिनके बारे में कल्पना भी नहीं की थी। बाकी दोस्तों की जिंदगी में भी उतार-चढ़ाव आते रहते हैं।

कैसा है सीरीज का निर्देशन और संवाद?

सीरीज का निर्देशन अरुणिमा शर्मा ने किया है, जिन्होंने अब्बास और हुसैन के साथ मिलकर फिल्म का लेखन भी किया है। कुल आठ एपिसोड्स की सीरीज की शुरुआत के साथ ही कहानी समझ में आ जाती है कि आगे क्या होने वाला है, मगर स्क्रीनप्ले और संवादों के जरिए इसे दिलचस्प बनाया गया है।

जी करदा विल यू मैरी मी, बेबी तू तो शार्क है, फील इट, फाइट इट, ब्लड मून, जवानियां, यार की शादी, स्टारडस्ट और द बिग 30 शीर्षक के आठ एपिसोड्स में फैली है। दृश्य वर्तमान और अतीत में डोलते रहते हैं।

पहले एपिसोड की शुरुआत 2006 में इन सातों के बचपन से होती है। मेले में एक ज्योतिषी के पास जाते हैं, जो इन सभी को किसी एक चीज से बचने की सलाह देता है। किसी को उसके पिता तो किसी को दोस्त से बचने की सलाह देता है। लावण्या को 22 यानी साल 2022 से बचने की सलाह ज्योतिषी देता है। इसके बाद दृश्य बदलता है और कहानी 2022 में इन सभी किरदारों की मौजूदा जिंदगी दिखाती है।

सीरीज में कुछ दृश्य ऐसे आते हैं, जो कथ्य के बहाव में निकल जाते हैं, लेकिन अगर ध्यान दें तो गहरा असर छोड़ते हैं। समाज चाहे जितना आधुनिक और पढ़ा-लिखा हो जाए, लेकिन उस सोच का क्या करेंगे, जिसे बदलना लगभग नामुमकिन है। 

मिसाल के तौर पर, शादी का प्रपोजल मिलने के बाद लावण्या जब ऑफिस पहुंचती है तो जॉब में उसे प्रमोशन मिलने की खुशी देने के लिए रखी गयी सरप्राइज पार्टी में उसकी एक सहकर्मी कटाक्ष मारती है कि तुम्हें प्रमोशन की क्या जरूरत है, अब तो शादी होने वाली है।

एक अन्य दृश्य में आन्या सिंह का यंग स्टूडेंट उसे अपनी प्रॉब्लम बता रहा है कि उसके पापा के पास महंगी कार नहीं है, जिसके कारण उसका ब्रेकअप हो रहा है। यह दोनों अलग-अलग पीढ़ियों के मनोविज्ञान को जाहिर करते हैं। हालांकि, कुछ दृश्य ओवर-द-टॉप लग सकते हैं। लिव-इन रिलेशनशिप का सामान्यीकरण थोड़ा चौंकाता है। 

कैसा है कलाकारों का अभिनय? 

लेखन की सीमा और किरदारों के चित्रण के अनुरूप कलाकारों ने इन्हें निभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। रियल लाइफ में विजय वर्मा के साथ रिलेशनशिप को लेकर चर्चा में तमन्ना ने शादी को लेकर कन्फ्यूज लड़की के किरदार में सराहनीय काम किया है। उनकी यह पहली हिंदी वेब सीरीज है।

सभी कलाकारों के बीच बॉन्डिंग प्रभावित करती है और दर्शक इससे सामंजस्य बैठा पाता है। तमन्ना, सम्वेदना सुवाल्का और आन्या सिंह के कुछ दृश्य असरदार हैं। आशिम गुलाटी, सुहेल नैयर, हुसैन दलाल और सायन बनर्जी अपने किरदारों में स्वाभाविक लगे हैं। लावण्या की फ्री-स्पिरिटेड मां के किरदार में सिमोन जमी हैं। 

कलाकार- तमन्ना भाटिया, सम्वेदना, आशिम गुलाटी, सुहेल नैयर, हुसैन दलाल, सायन बनर्जी, सिमोन सिंह आदि।

निर्देशक- अरुणिमा शर्मा

स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म- प्राइम वीडियो

अवधि- 8 एपिसोड्स, प्रति एपिसोड आधा घंटा

स्टार- तीन

0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement