लखनऊ अग्निकांड के बाद जागा बेसिक शिक्षा विभाग, यूपी के सभी परिषदीय स्कूलों में लगेंगे अग्निशमन यंत्र
NOI ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ अग्निकांड के बाद परिषदीय विद्यालयों में आग से बचाव और रोकथाम के उपाय करने की कोशिश शुरू हो गई है।
बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को मध्याह्न भोजन योजना के सुरक्षित संचालन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत विद्यालयों की रसोई में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे और रसोइयों को उनके उपयोग का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।
निर्देशों में कहा गया है कि विद्यालयों में भोजन बनाने के दौरान अग्नि दुर्घटनाओं की किसी भी आशंका को रोकने के लिए विशेष इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। प्रत्येक रसोईघर में कार्यशील अग्निशमन यंत्र होना अनिवार्य होगा। गैस सिलिंडर, रेगुलेटर और बर्नर स्टोव की नियमित जांच की जाए।
खराब उपकरणों को तत्काल बदला जाए। खाद्य सामग्री की मानक के अनुरूप उपलब्धता रहे और उसकी समाप्ति तिथि की भी जांच की जाए। भोजन पकाने और परोसने का स्थान पूरी तरह साफ-सुथरा रखा जाए। खाद्यान्न और अन्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और रसोईघर के भीतर व बाहर सफाई के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।
अपर राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी विद्यालयों में अग्नि सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments