लखनऊ: दुबई से तस्करी कर लाया 30 लाख के सोने का पाउडर, एयरपोर्ट पर हुआ चोरी; दो गिरफ्तार
NOI संवाददाता, लखनऊ। दुबई से सोना लेकर अमौसी एयरपोर्ट से बाहर आए तस्कर से 203.92 ग्राम सोने का पाउडर लेकर भागने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो चोरों को सरोजनीनगर पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
आरोपितों के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत का सोने का पाउडर बरामद हुआ है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी (डीसीपी) मो. मुश्ताक ने बताया कि बलिया के बेल्थरा रोड निवासी महबूब आलम 27 जुलाई को दुबई से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे थे। एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद बलरामपुर के किठूरा निवासी दीपक वर्मा, इटई निवासी राम प्रताप दुबे और उनके साथियों ने उन्हें काले रंग की ब्रेजा कार में बैठा लिया। दोनों ने साथियों के साथ उन्हें इधर-उधर घुमाया। फिर आलमबाग बस अड्डे के पास उतार दिया और ट्राली बैग लेकर फरार हो गए।
बैग में पासपोर्ट, कपड़े और सोने के पाउडर से भरा कैप्सूल रखा था। महबूब आलम की तहरीर पर तीन अगस्त को सरोजनीनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस की चार टीमों ने चार अगस्त को दीपक वर्मा और राम प्रताप दुबे को गिरफ्तार कर कैप्सूलनुमा रबर की डिब्बी में लिपटा 203.92 ग्राम सोने का पाउडर बरामद किया।
आरोपितों ने बताया कि गिरोह में राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के लोग शामिल हैं। गिरोह के सदस्य खाड़ी देशों, खासकर दुबई में ऐसे भारतीयों की तलाश करते थे, जो किसी कारण जल्दी भारत लौटना चाहते हों।
उन्हें खरीदारी कराने, रुपये देने और टिकट उपलब्ध कराने का लालच दिया जाता था। इसके बाद उन्हें सोने की तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जाता था। गिरोह सोने का बुरादा बनाकर उसे रबर की डिब्बी में पैक करता था और तस्करी कराने वाले व्यक्ति के माध्यम से भारत मंगवाता था।
एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद गिरोह के सदस्य उससे सोना प्राप्त करते थे। गिरफ्तार दीपक वर्मा और राम प्रताप दुबे दोनों पर कई मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया है। डीसीपी ने बताया कि सोना तस्करी कर ला रहे महबूब पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए कस्टम विभाग को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments