NOI संवाददाता, कानपुर। इटावा-कानपुर पैसेंजर ट्रेन से लाया जा रहा करीब 500 किलो खोया गोविंद नगर रेलवे स्टेशन के आउटर के पास सड़क किनारे बारिश में अस्वच्छ हालत में पड़ा मिला। खाद्य सचल दल को देखकर खोया छोड़कर दो लोग भाग गए। टीम ने काफी देर तक इंतजार किया, लेकिन कोई दावेदार सामने नहीं आया। प्रथम दृष्टया खोया मानव उपभोग के योग्य नहीं मिलने पर उसे गोविंद नगर स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट ले जाकर नष्ट करा दिया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई गई है।

खाद्य विभाग को बुधवार को सूचना मिली थी कि इटावा-कानपुर पैसेंजर से बड़ी मात्रा में खोया लाया जा रहा है। टीम गोविंद नगर रेलवे स्टेशन से पहले आउटर के पास पहुंची तो सड़क किनारे बारिश में गंदी बोरियों में खोया रखा मिला। आसपास कुछ लोग मौजूद थे। टीम को देखते ही दो व्यक्ति मौके से भाग निकले। आसपास के लोगों ने बताया कि खोया ट्रेन से उतारकर आटो में लादकर ले जाने की तैयारी थी।

खोया बारिश और गंदगी के बीच काफी देर तक पड़ा रहा। उसमें बदबू भी आ रही थी। खाद्य विभाग की टीम ने इसे प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त माना। इसके बाद करीब 500 किलो खोया को जब्त कर सुरक्षित तरीके से गोविंद नगर कूड़ा निस्तारण प्लांट पहुंचाया गया और विनष्ट कराया गया।
सहायक खाद्य आयुक्त संजय प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर खाद्य सचल दल को मौके पर भेजा गया था। करीब 500 किलो खोया बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में पड़ा मिला। खोया बदबूदार था और प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के योग्य नहीं लग रहा था। किसी व्यक्ति के दावेदारी के लिए काफी देर इंतजार किया गया, लेकिन कोई सामने नहीं आया। इसके बाद नियमानुसार खोया नष्ट करा दिया गया। खाद्य पदार्थों में मिलावट और अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री के परिवहन व भंडारण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement