Heavy Rainfall Alert: कानपुर, चित्रकूट सहित यूपी के 20 जिलों में दो दिन भारी बारिश, वज्रपात की चेतावनी, अलर्ट जारी
NOI संवाददाता, कानपुर। Heavy Rainfall Alert: सितंबर के पहले सप्ताह मौसम के तेवर ने यूपी के 20 जिलों को चिंता में डाल दिया है। आईएमडी ने चित्रकूट(Chitrakoot), कानपुर, बांदा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
सितंबर के पहले सप्ताह में मौसम का मिजाज बदलेगा। एक से तीन सितंबर तक पूर्वी एवं दक्षिणी यूपी में मध्यम से भारी बारिश को लेकर अलर्ट किया गया है। आईएमडी के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को बांदा, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव और आसपास के कई जिलों में भारी वर्षा के पूर्वानुमान हैं। गुरुवार तक इन जिलों में अच्छी बारिश के संकेत मिल रहे हैं।
अगस्त में सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक बरसे बादल
मौसम विभाग के मुताबिक, अगस्त माह में उम्मीद से अधिक बारिश हुई। एक अगस्त से 31 अगस्त तक प्रदेश में सामान्य वर्षा 235.5 मिमी की तुलना में 291.3 मिमी यानी करीब 24 प्रतिशत अधिक बरसात हुई है। इसमें पूर्वी यूपी में सामान्य से 20 प्रतिशत और पश्चिमी यूपी में 29 प्रतिशत बादल अधिक बरसे हैं। एक जून से 31 अगस्त तक सामान्य से 0.7 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
सितंबर में पहले सप्ताह वर्षा का जोर, फिर कमजोर होगा मानसून
अगस्त में सक्रिय रहे मानसून के बाद सितंबर में वर्षा के तेवर नरम पड़ने के संकेत हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक सितंबर की शुरुआत वर्षा से होगी। इसके बाद मानसूनी गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने के आसार हैं। सितंबर में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार सितंबर के पहले सप्ताह में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और मौसमी प्रणालियों के कारण वर्षा के दौर जारी रह सकते हैं। पांच सितंबर के बाद मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ने की संभावना है। हालांकि इसे पूरी तरह मानसून की विदाई नहीं कहा जा सकता।
बांधों से छोड़े पानी से नदियों में उतार-चढ़ाव
फर्रुखाबाद में गंगा चेतावनी बिंदु से 10 सेमी ऊपर बह रही है। अमृतपुर में गंगा का जलस्तर घटने के बाद गांवों से बाढ़ का पानी उतरने लगा है, लेकिन खेतों में बाढ़ का पानी भरा है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं। बाढ़ प्रभावित गांवों में लोग बुखार व खाज खुजली से परेशान हैं। शमसाबाद क्षेत्र के गांव समैचीपुर चितार में गंगा में कटान होने से ग्रामीण दहशत में है। बांदा में केन घटी, यमुना बढ़ी और कई रपटों पर आवागमन बंद रहा।
कई जिलों में बाढ़ का संकट
अगस्त में 400.9 मिमी बारिश ने आठ वर्षों का रिकार्ड तोड़ा। हमीरपुर में बांधों से पानी छोड़े जाने से यमुना और बेतवा का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है। यमुना 96.790 और बेतवा 96.730 मीटर पर पहुंच गई। फतेहपुर में झमाझम बारिश से जलभराव और पांच कच्चे मकान गिरने की घटनाएं हुईं, जबकि गंगा-यमुना का जलस्तर घटने से कटरी क्षेत्र में राहत मिली। उरई में यमुना 101 मीटर पर स्थिर है। उन्नाव में गंगा 19 सेमी घटी, लेकिन गांवों में पानी और फसल नुकसान से परेशानी जारी है। महोबा में बारिश से उमस घटी, जबकि औरैया में बूंदाबांदी के बावजूद उमस बनी रही।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments