लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्रियों से 250 रुपये की अवैध वसूली, जांच के आदेश
लखनऊ एयरपोर्ट पर एक निजी एजेंसी द्वारा यात्रियों से पेपर जांच के नाम पर 250 रुपये वसूले जाने का मामला सामने आया है, जबकि निर्धारित शुल्क 100 रुपये है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने शिकायत के बाद जांच के आदेश दिए हैं, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों से हो रही अवैध वसूली का खुलासा हुआ है।
NOI संवाददाता, लखनऊ। बीते 12 सितंबर को बहराइच निवासी मुकीम मजदूरी करने को लखनऊ से दुबई के लिए रवाना हुए। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचने पर उनके वीजा को लेकर इमिग्रेशन विभाग को कुछ संदेह हुआ। विभाग ने वीजा का प्रिंट निकलवाकर लाने को कहा। प्रस्थान गेट के पास स्थित बूथ पर बैठे निजी एजेंसी के कर्मचारी ने पेपर जांच और एक पेज का प्रिंट निकालने के नाम पर 250 रुपये का चार्ज यात्री मुकीम से ले लिया।
रसीद मांगने सादे पेपर पर लिखकर दिया लेकिन यह नहीं लिखा कि रुपये किस मद में वसूले गए। मुकीम दुबई पहुंच गए तो उनकी ओर से शिकायत परिचित विकास सिंह ने दर्ज कराई। अब एयरपोर्ट प्रबंधन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पता चला है कि सुनियोजित तरीके से प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों से इसी तरह कागज चेक कराने के नाम पर वसूली हो रही है।
लखनऊ एयरपोर्ट से इस समय प्रतिदिन करीब 100 से 110 विमानों का आवागमन होता है। इसमें 12 से 14 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ने वाली विमान सेवाएं हैं। प्रतिदिन करीब 17 हजार यात्री लखनऊ से रवाना होते हैं। इसमें 2200 से 2500 यात्री उत्तर प्रदेश के बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर सहित कई जिलों से दुबई, अबूधाबी और रियाद जाते हैं।
अधिकांश श्रमिक यात्रियों को वीजा व पासपोर्ट सहित इंटरनेशनल यात्रा के नियमों की जानकारी नहीं होती है। इसी का फायदा उठाकर एयरपोर्ट पर उनसे अधिक रुपयों की वसूली की जा रही है। लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन ने एके एजेंसीज नाम की संस्था को यात्रियों की आइडी और यात्रा से जुड़े दस्तावेजों का प्रिंट देने के लिए प्रस्थान गेट के पास एक बूथ आवंटित किया है।
इस बूथ पर प्रिंट निकालने के लिए प्रति पेज 100 रुपये का शुल्क तय किया गया है। बूथ पर बैठे एजेंसी के कर्मचारी प्रिंट के साथ दस्तावेज जांच के नाम पर 250 रुपये की वसूली करते हैं। इस साल मई से अब तक आठ यात्रियों ने दस्तावेज जांच के नाम पर 250 रुपये वसूलने की शिकायतें दर्ज करायी हैं।
एयरपोर्ट प्रबंधन के प्रवक्ता के अनुसार इस निजी एजेंसी को यात्रियों की आइडी व यात्रा से जुड़े दस्तावेजों को प्रिंट करने के लिए स्थान दिया गया है। उनकी सेवा का शुल्क तय है। तय शुल्क से ज्यादा पैसा लेने की शिकायतों पर जांच की जा रही है।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments