प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन कानपुर में सेवा, संकल्प और उत्सव के रूप में मनाया गया, जिसमें 50 से अधिक स्थानों पर दीपोत्सव और ड्रोन शो आयोजित हुए।

NOI संवाददाता, कानपुर। सेवा, संकल्प और उत्सव के नाम गुरुवार की शाम रही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर दीयों से जमीन और ड्रोन से आसमान सजा नजर आया।

शहर के गंगा घाटों, मंदिरों, अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों से लेकर शहर के 50 से अधिक स्थान दीपोत्सव से जगमगा उठे। रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, पौधरोपण, मरीजों को फल वितरण और सेवा संकल्प के कार्यक्रम हुए।

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने प्रधानमंत्री का जन्मदिवस को उत्सव के रूप में मनाकर चुनावी माहौल भी बनाने का प्रयास किया। आयोजन में सवा लाख से अधिक आकृतियों में दीप जलाने का रिकार्ड गोल्डन बुक आफ रिकार्ड में शामिल किया गया।

मोतीझील के कारगिल पार्क में सांसद रमेश अवस्थी की पहल पर दीपोत्सव हुआ। 76 हजार दीपों से मोतीझील रोशन हुई। मंच पर गीत-संगीत के बीच ड्रोन शो ने लोगों का उत्साह बढ़ाया। आकाश में ‘विकसित कानपुर-2047’ का लक्ष्य प्रदर्शित किया गया।

ड्रोन से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आकृति बनते ही लोगों ने ‘हैप्पी बर्थडे’ कहकर खुशी जताई। नाना राव पार्क में ‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष’ विषय पर प्रदर्शनी हुई। विधायक महेश त्रिवेदी के नेतृत्व में बारादेवी मेट्रो स्टेशन पर 1001 दीप जलाए गए।

गोलाघाट में भाजपा दक्षिण अध्यक्ष शिवराम सिंह ने दीपोत्सव का आयोजन किया। भाजपा उत्तर के कार्यालय में अनिल दीक्षित ने दीप और पटाखे जलाए। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के हेलीपैड परिसर में 11 हजार दीपों से प्रधानमंत्री की आकृति और रंगोली बनाई गई।

सीएसजेएमयू में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक व कुलसचिव राकेश मिश्रा ने शुभारंभ किया। व्यापारियों ने कोपरगंज की तलवुआ बस्ती में श्री अन्न के 304 पैकेट वितरित किए। खरी गांव के संत प्रेमानंद उपवन में 76 पौधे रोपे गए। आइआइटी स्थित आर्चिट हाल में दीपोत्सव कार्यक्रम में विधायक नीलिमा कटियार मौजूद रहीं।

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीतू सिंह ने 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में करीब 25 हजार लाभार्थियों की कहानियां चिह्नित कर डिजिटल डाटा तैयार करने और सात अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकालने की बात कही।

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में पौधरोपण व दीप जलाए गए। भाजपा और स्वास्थ्य विभाग की ओर से 23 स्थानों पर लगे शिविरों में सीडीओ अभिनव जे जैन सहित 452 लोगों ने रक्तदान किया। उर्सुला अस्पताल में डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह ने भर्ती मरीजों और तीमारदारों से मुलाकात कर फल वितरित किए।

सीएसए कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) तथा आइसीएआर-अटारी जोन-3 के कृषि विज्ञान केंद्रों में दीप जलाए गए। अटारी निदेशक डा. राघवेंद्र सिंह के अनुसार कई केंद्रों पर किसान गोष्ठियां भी हुईं।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement