ग्रीन पार्क बनेगा यूपी का सबसे बड़ा स्टेडियम, 55 हजार होगी दर्शक क्षमता, 350 करोड़ से बदलेगी रंगत
कानपुर का ग्रीन पार्क स्टेडियम उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा स्टेडियम बनने जा रहा है, जिसकी दर्शक क्षमता 55 हजार होगी। 350 करोड़ रुपये के बजट से इसका नवीनीकरण होगा, जिसमें आधुनिक सुविधाएं और यूपी के प्रतीक चिह्नों से प्रेरित डिज़ाइन शामिल होंगे।
NOI संवाददाता, कानपुर। ग्रीन पार्क स्टेडियम प्रदेश में सबसे ज्यादा दर्शक क्षमता वाला होगा, जहां 55 हजार दर्शक एक साथ मैच देख सकेंगे। स्टेडियम में निर्माण कार्यों के लिए 350 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। नई दर्शक दीर्घा बाहर से देखने में उप्र के प्रतीक चिह्न की तरह धनुषाकार होगी। इसके साथ ही बारहसिंघा, सारस व पलाश के फूलों की तरह आकार दिया जाएगा।
दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई के साथ कानपुर का ग्रीन पार्क स्टेडियम देश के पांच टेस्ट सेंटरों में शामिल है। स्टेडियम में दिल्ली के फिरोजशाह कोटला और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम व विदेश के पूर्व खिलाड़ियों के नाम पर गैलरी होंगी। शहर में क्रिकेट को लाने वाले सर पदमपत सिंहानिया के साथ पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर, गोपाल शर्मा, शशिकांत खांडेकर, राहुल सप्रू, नीतू डेविड, रीता डे के नाम पर नई गैलरी पहचानी जाएंगी।
क्रिकेट संग्रहालय के साथ इनडोर व आउटडोर क्रिकेट पिच का निर्माण होगा। तीन मंजिला वीवीआइपी गैलरी बनेंगी, जिसमें 500 वीवीआइपी मेहमानों के साथ करीब 15 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। अत्याधुनिक ड्रेनेज सिस्टम लगाया जाएगा। जो भारी वर्षा के बाद भी स्टेडियम 15 मिनट में ही मैच के लिए तैयार कर देगा।
भारत में अभी तक सिर्फ चिन्नास्वामी स्टेडियम तथा हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्टेडियम में ही इस तरह का सिस्टम लगाया गया है। नया ग्रीन पार्क 50 हजार दर्शक क्षमता वाले इकाना स्टेडियम से भी बड़ा, यानी 55 हजार दर्शक क्षमता वाला होगा। इसके लिए बजट को 350 करोड़ से 456.94 करोड़ रुपये करने की तैयारी है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि आर्किटेक्चर कंसलटेंसी के लिए 75 दिन और निर्माण के लिए छह माह की अवधि निर्धारित की गई है। अगले माह से काम शुरू होने की उम्मीद है।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments